अकबरपुर में कड़ाके की ठंड के बीच अलाव तापते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
घने कोहरे के प्रकोप का प्रतिकूल प्रभाव एक्सप्रेस ट्रेन की रफ्तार पर पड़ने का दौर लगातार जारी है। बुधवार को भी जहां कैफियात, फरक्का डाउन व पटना-कोटा डाउन एक्सप्रेस निर्धारित समय से छह घंटे विलंब से अकबरपुर पहुंची। इसके अलावा कई अन्य ट्रेनें भी घंटों लेट पहुंचीं। नतीजतन यात्रियों को कड़ाके की ठंड में ट्रेन का इंतजार करना पड़ा। बुधवार को कई एक्सप्रेस ट्रेनें घंटों विलंब से अकबरपुर पहुंची।
सुबह छह बजकर 45 मिनट पर पहुंचने वाली कैफियात डाउन एक्सप्रेस छह घंटा तो सोमवार देर शाम छह बजकर 43 मिनट पर पहुंचने वाली कैफियात अप एक्सप्रेस चार घंटा विलंब से अकबरपुर पहुंची। मरुधर डाउन एक्सप्रेस सुबह निर्धारित समय साढ़े सात बजे से तीन घंटा तो फरक्का डाउन एक्सप्रेस सुबह निर्धारित समय 11 बजे से छह घंटा विलंब से अकबरपुर पहुंची।
पटना-कोटा डाउन एक्सप्रेस निर्धारित समय 10 बजकर 30 मिनट से छह घंटा तो दून अप एक्सप्रेस निर्धारित समय से तीन घंटा व दून डाउन एक्सप्रेस निर्धारित समय दोपहर एक बजे से ढाई घंटा विलंब से अकबरपुर पहुंची। स्टेशन अधीक्षक एसएन सिंह ने बताया कि घने कोहरे के चलते ट्रेनें विलंब से पहुंच रही हैं। ट्रेनों की स्थिति की स्पष्ट जानकारी यात्रियों को दी जाती है।