हजपुरा। प्रशासन के तमाम दावों के बाद भी सरकारी गेहूं खरीद को लेकर किसानों की परेशानी दूर नहीं हो रही। जलालपुर तहसील क्षेत्र के साधन सहकारी समिति बड़ेपुर में बोरे के अभाव में किसानों के गेहूं की तौल बीते काफी समय से बंद पड़ी है। बरसात शुरू हो जाने के बाद अब गेहूं के भीग जाने की आशंका को लेकर किसानों में आक्रोश बढ़ने लगा है।
परेशान किसानों का कहना है कि गेहूं के तौल की अंतिम तिथि 15 जून निर्धारित की गई थी, परंतु मई से टोकन लिए किसान समिति का चक्कर काटने के बाद भी अभी तक खरीद के गेहूं की तौल तक नहीं हो पायी है। कभी बोरे का अभाव तो कभी अन्य समस्याओं का हवाला देकर खरीद केंद्र पर तौल का कार्य नहीं किया जा रहा। किसानों की शिकायत बाद मंगलवार को एसडीएम ने खरीद केंद्र का औचक निरीक्षण भी किया।
जिले में संचालित कई क्रय केंद्रों पर किसानों के गेहूं की तौल नहीं हो पा रही है। इसके लिए केंद्रों पर बोरे न होने को कारण बताया जाता है। तौल न हो पाने के कारण किसानों को अपनी उपज के साथ खरीद केंद्र के चक्कर काटने की परेशानी उठानी पड़ रही है। साधन सहकारी समिति के बड़ेपुर क्रय केंद्र पर भी बोरे का अभाव किसानों के लिए मुश्किल बढ़ा रहा है। इससे परेशान कई किसान तो बरसात में गेहूं को भीगने से बचाने के लिए अपनी उपज औने पौने दाम पर ही बिचौलियों को बेचने को मजबूर हो रहे हैं।
पीड़ित किसान किसान श्यामलाल, दानिश अब्बास, पारसनाथ, सूर्यमणि चौबे, मनोज मिश्र, सुरेश, विनोद, नसीर व अब्दुल कलाम इत्यादि ने बताया कि वह लोग मेहनत से पैदा की गयी गेहूं की उपज को सरकारी दर पर बेचने के लिए पिछले माह मई से ही समिति का चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अभी तक गेहूं की तौल तो दूर इसका टोकन तक खरीद केंद्र से नहीं मिल पाया है।
किसानों की शिकायत पर मंगलवार को एसडीएम जलालपुर अभय पांडेय ने साधन सहकारी समिति के क्रय केंद्र का निरीक्षण कर खरीद व स्टाक रजिस्टर सहित अन्य व्यवस्थाओं को परखा।
उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी से वार्ता कर उचित मात्रा में बोरे तत्काल खरीद केंद्र को उपलब्ध कराएं जाएंगे ताकि खरीद कार्य पूरा हो सके। दूसरी तरफ समिति के सचिव सतीराम यादव का कहना है कि बोरों के अभाव में 75 दिन में मात्र 36 दिन ही किसानों के गेहूं की तौल हो पाई है। सचिव से यह पूछे जाने पर कि आज अंतिम तिथि में जिन किसानों के गेहूं की तौल नहीं हो पाएगा तो वह क्या करेंगे। उन्होंने कहा यदि कोई लिखित आदेश आता है तो गेहूं के तौल की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।