एनटीपीसी के विस्तारीकरण का कार्य इन दिनों प्रक्रिया में है। कुछ किसानों ने अभी भी प्रशासन द्वारा निर्धारित मुआवजा नहीं लिया है। इस बीच एनटीपीसी विस्तारीकरण में निर्माण का कार्य शुरु हो गया।किसानों ने इसके खिलाफ पहले हाईकोर्ट फिर सुप्रीमकोर्ट में याचिका दायर की। न्यायालय से यथास्थिति का आदेश हुआ।
इसके बाद से ही किसान मौके पर निर्माण कार्य रुकवाने की मांग करते आ रहे हैं। पूर्व में भी यह मामला उठा था, तब प्रशासन ने मामला शासन के न्याय विभाग को संदर्भित कर दिया था। इसके बाद एनटीपीसी में निर्माण का कार्य फिर से शुरु हो गया।
इस बीच शुक्रवार को बड़ी तादाद में किसानों, महिलाओं व बच्चों ने निर्माण स्थल सलाहपुर रजौर पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों के हाथ में लाठी डंडे थे। वे एनटीपीसी प्रशासन के विरुद्घ जमकर नारेबाजी कर रहे थे। ग्रामीणों ने मौके पर निर्माण कार्य रुकवा दिया।
सूचना मिलते ही एसडीएम टांडा रमापति, सीओ राघवेन्द्र मिश्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। किसानों को समझा बुझाकर शांत कराया गया। इसके बाद पांच किसानों को लेकर अधिकारी जिला मुख्यालय पहुंचे, जहां अपर जिलाधिकारी रामसूरत पाण्डेय से उनकी मुलाकात कराई गई।
एडीएम ने किसानों से कहा कि वे न्यायालय से और अधिक स्पष्ट मत लेकर आएं या फिर शासन से निर्देश आने का इंतजार करें। उधर देरसायं एडीएम ने बताया कि यदि एनटीपीसी को कार्य शुरु कराने के लिए पुलिस बल की जरूरत पड़ी तो वह उसे उपलब्ध कराया जाएगा।