अंबेडकरनगर। अकबरपुर के लोहिया भवन में मंगलवार को किसान सम्मान दिवस का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एडीएम ज्योत्सना बंधु और भाजपा जिलाध्यक्ष त्र्यंबक तिवारी ने किया। 36 प्रगतिशील किसानों को उनके उत्कृष्ट कृषि कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। अरहर में शेरबहादुर व अमरनाथ उत्पादन के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
सरसों में अमरजीत व राजाराम यादव, धान में राम आशीष व भवानी प्रसाद, गन्ना में नित्यानंद वर्मा, रचना सिंह, राहुल सिंह, दुग्ध उत्पादन में रामकुमार, विक्रांत कुमार सिंह, पशुपालन में मंशाराम यादव, नंदलाल भारती, मंजू व पिंटू व केला में रणजीत, मधुमक्खी में दयाशंकर, लहसुन में बेचन यादव और फूलगोभी उत्पादन में आलम खान को नकद धनराशि व प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने अपना संपूर्ण जीवन किसानों, ग्रामीण समाज और सामाजिक न्याय के लिए समर्पित कर दिया। जिला उपाध्यक्ष विमलेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि चौधरी साहब का ऐसा मानना था कि ऐसे उद्योग सृजित होने चाहिए, जिनमें श्रम की मांग ज्यादा हो, जिससे अधिक लोगों को रोजगार मिल सके। एडीएम ने परिसर में लगे विभिन्न विभागों के स्टालों का निरीक्षण किया।
उपकृषि निदेशक डॉ.अश्विनी कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी अरविंद्र कुमार चौधरी, जिला उद्यान अधिकारी धर्मेंद्र चौधरी, जिला गन्ना अधिकारी एसएल यादव सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।