फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लहसुन-प्याज का बीज लेने भारी तादाद में पहुंचे किसान

विज्ञापन
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। लहसुन व प्याज का बीज लेने के लिए शुक्रवार को जिला उद्यान कार्यालय पर किसानों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। वितरण के दौरान कार्यालय परिसर में आपाधापी का माहौल रहा। पहले बीज लेने के लिए किसानों के बीच जमकर धक्कामुक्की हुई। इससे नाराज किसानों ने कहा कि भीड़ को देखते हुए अधिकारियों को गंभीरता दिखानी चाहिए थी।
विज्ञापन

इन दिनों लहसुन व प्याज की बोआई शुरू हो गई है। शासन ने किसानों को लहसुन व प्याज के बीज निशुल्क उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। बीज लेने के लिए किसानों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य किया गया है। बड़ी संख्या में किसानों ने रजिस्ट्रेशन करा भी लिया है।
जिला उद्यान कार्यालय ने 14 व 15 अक्तूबर को कार्यालय से ही बीज का वितरण किए जाने की जानकारी दी थी। इस पर शुक्रवार को सुबह से ही किसानों का अकबरपुर-अयोध्या मार्ग स्थित जिला उद्यान कार्यालय पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। वैसे तो बीज का वितरण सुबह दस बजे से प्रारंभ होना था लेकिन इससे काफी पहले ही किसान पहुंच गए।
विज्ञापन

किसानों की भीड़ देखते हुए कार्यालय द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसी का नतीजा रहा कि मौके पर आपाधापी का माहौल उत्पन्न हो गया। बीज लेने के लिए किसानों के बीच धक्कामुक्की होने लगी। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। और तो और, कुछ किसानों के बीच मारपीट तक की नौबत आ गई। हालांकि वहां मौजूद अन्य लोगों ने समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया।
अकबरपुर के किसान पंकज ने नाराजगी जताते हुए कहा कि किसानों की भीड़ को देखते हुए जिम्मेदारों को ठोस कदम उठाना चाहिए थी। उनकी अदूरदर्शिता का ही नतीजा रहा कि बीज वितरण के दौरान आपाधापी का माहौल रहा। अकबरपुर के बिपिन कुमार ने कहा कि जब इसी तरह धक्कामुक्की होनी थी तो फिर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन ही क्यों कराया गया।
ऐसा पहली बार नहीं है। विगत वर्षों में भी ऐसा ही माहौल उत्पन्न हुआ था। इसके बाद भी जिम्मेदारों द्वारा गंभीरता नहीं दिखाई गई। धारूपुर के राजन व निबियहवा पोखरा के जयप्रकाश ने कहा कि किसानों के हित की परवाह किसी को नहीं है। जब सुबह से ही किसानों की भीड़ जुट गई थी तो जिम्मेदारों को सुरक्षा के इंतजाम करने चाहिए थे।
विज्ञापन

किसानों की भीड़ अधिक होने से कुछ समस्या जरूर उत्पन्न हुई। किसानों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। 15 अक्तूबर को भी बीज का वितरण होगा।
-संजय रस्तोगी, जिला उद्यान अधिकारी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें