जलालपुर। थाना क्षेत्र के जगतूपुर बिल्टई गांव में खेत की सिंचाई करने गया एक किसान इंजन के पट्टे में फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गया। जब तक सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचते तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने घटना स्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार जलालपुर थाना क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम सेठा कला निवासी रामउजागिर (55) बुधवार सुबह पड़ोसी गांव जगतपुर बिल्टई स्थित खेत की सिंचाई करने गया था। वहां उसने इंजन चलाया। बताया जाता है कि कुछ देर बाद वह इंजन के पास पहुंचा। इसी बीच अचानक वह इंजन के पट्टे में फंस गया। इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मौत की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गई। थोड़ी देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण व परिजन भी मौके पर पहुंच गए। इस बीच घटना की जानकारी पुलिस कर्मियों को दी गई। कुछ देर बाद पहुंची पुलिस टीम ने घटना स्थल का जायजा लिया। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रामउजागिर की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मालीपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।