अंबेडकरनगर। अकबरपुर और अलीगंज क्षेत्रों में मंगलवार की रात दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में टांडा के किसान सिकंदर (27) और अलीगंज के श्रमिक रंजीत (35) की मौत हो गई। दोनों हादसों के बाद परिवारों में मातम पसर गया। पुलिस ने संबंधित वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
एक साथ दो वाहनों से टकराया बाइक सवार श्रमिक, हेलमेट भी टूटा
अलीगंज के दरवेशपुर निवासी रंजीत भवन निर्माण में हेल्पर का काम करते थे। जीजा ललित ने बताया कि इन दिनों रंजीत अकबरपुर में कार्यरत थे। मंगलवार रात करीब नौ बजे वह बाइक से घर लौट रहे थे। अकबरपुर क्षेत्र के अरिया पुलिस चौकी के पास सामने से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि रंजीत उछलकर दूसरी पटरी पर जा गिरे और वहां से गुजर रहे एक अन्य वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में उनका हेलमेट भी टूट गया और सिर पर गंभीर चोट लग गई। दोनों वाहन मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज, सद्दपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक पीछे 4 वर्ष की बेटी आस्था और 2 वर्ष के बेटे आर्यन सहित पत्नी निशा को बेसहारा छोड़ गए हैं। कोतवाल श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वाहनों की तलाश की जा रही है।
वनरोज की चपेट में आने से किसान की मौत
टांडा के मकदूमनगर निवासी सिकंदर खेती-बाड़ी करते थे। मंगलवार शाम वह मकोइया गांव अपने दोस्त के घर वैवाहिक कार्यक्रम में गए थे। रात करीब 10 बजे बाइक से लौटते समय जगदीशपुर पेट्रोल पंप के पास अचानक सड़क पर आए वनरोज की चपेट में आ गए। हादसे में उन्हें गंभीर सिर की चोट आई और उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज, सद्दपुर ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उनके निधन की सूचना मिलते ही पत्नी पूनम बेहोश हो गईं, जबकि छह वर्षीय बेटी आरती, बेटे आनंद और मां बीजमति का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।