अंबेडकरनगर। भीषण गर्मी के बाद भी अकबरपुर नगर के अलावा आलापुर, टांडा, जलालपुर व भीटी तहसील से जुड़े इलाकों में अघोषित बिजली कटौती खत्म होने का नाम नहीं ले रही। इसके चलते ही कस्बाई व ग्राणीण इलाकों में आए दिन बाधित हो रही आठ से दस घंटे की बिजली सप्लाई के कारण घरों व प्रतिष्ठानों में लगे पंखे, कूलर व एसी महज शो-पीस बने नजर आ रहे हैं। पूरे इलाके में बिजली विभाग के अधिकारियों की मनमानी के कारण रोस्टर की व्यवस्था ध्वस्त पड़ी है। इसका खामियाजा इन इलाकों से जुड़े बड़ी आबादी क्षेत्र को भुगतना पड़ रहा है।
बिजली विभाग के तमाम दावों के बाद भी विद्युत आपूर्ति को लेकर जिले भर में हाहाकार कायम बना है।अकबरपुर नगर के अलावा आलापुर, टांडा, जलालपुर व भीटी तहसील इलाकों में भी घंटों विद्युत आपूर्ति ठप रहने से उपभोक्ता भीषण गर्मी में परेशानहाल है। ग्रामीण क्षेत्रों में तो 12 घंटे की बिजली सप्लाई भी चुनौती बनी है। इससे परेशान उपभोक्ताओं ने इसकी शिकायत सोशल मीडिया के माध्यम से ऊर्जा मंत्री तक से की है। गर्मी के कारण बढ़ी बिजली की खपत से अकबरपुर विद्युत उपकेंद्र पर नौ में से पांच फीडर ओवरलोड चल रहे हैं। इस कारण ट्रिपिंग व लो वोल्टेज की परेशानी भी लोगों की सिरदर्दी बढ़ा रही है।
सप्लाई कार्य से जुड़े अफसरों की माने तो उपकेंद्रों तक तो बिजली पूरी पहुंच रही है लेकिन इससे आगे उपभोक्ताओं तक इसके वितरण में ओवर लोडिंग से लेकर जर्जर सप्लाई लाइन बाधा बन रही है। कम क्षमता के ट्रांसफार्मरों के कारण जरा सा लोड बढ़ने पर ही इनके फूंक जाने से घंटों सप्लाई फाल्ट की परेशानी भी मुसीबत बढ़ा रही है।
महरुआ प्रतिनिधि के अनुसार 18 घंटे के रोस्टर के सापेक्ष 6 घंटे की बिजली मिल पाई। इनकी शिकायत के लिए उपकेंद्र से जुड़े अभियंता व कर्मचारी फोन तक रिसीव नहीं कर रहे। कटेहरी प्रतिनिधि के अनुसार मंगलवार पूरी रात कटेहरी, रामबाबा व कटघरवा फीडर से जुड़ी आपूर्ति ठप रही। नतीजा यह रहा कि पूरी रात उपभोक्ताओं का हाल बेहाल रहा। दिन रात लगातार जारी कटौती के कारण घरों व प्रतिष्ठानों में लगे एसी, फ्रिज, कूलर व अन्य बिजली उपकरण महज शो पीस बने नजर आ रहे हैं।
ऊर्जा मंत्री से लगायी राहत की गुहार
आलापुर के अन्नापुर में तीन दिन से 25 केवीए का बिजली ट्रांसफार्मर खराब पड़ा है। तमाम शिकायतों के बाद भी इसे 72 घंटे तक बदला नहीं जा सका। टांडा के सूरापुर सब स्टेशन से जुड़ी विद्युत आपूर्ति भी लगातार ठप रहने से उपभोक्ता परेशान हैं। जागरूक उपभोक्ता पिंटू शुक्ल ने तो ऊर्जा मंत्री व पॉवर कार्पोरेशन को टैग करते हुए बिजली की अघोषित कटौती से छुटकारा दिलाने की गुहार तक लगायी है। भीषण गर्मी के कारण जिला मुख्यालय के नौ में से पांच फीडर वर्तमान ओवरलोड चल रहे हैं।
खपत बढ़ने से हो रही दिक्कत
गर्मी के बढ़ते प्रकोप के कारण विद्युत आपूर्ति की खपत इन दिनों काफी बढ़ गयी है। इस कारण सप्लाई को व्यवस्थित बनाए रखने में कुछ दिक्कत हो रही है। गड़बड़ियों को तत्काल दूर कराया जा रहा है। फाल्ट रोकने के लिए सप्लाई ट्रांसफार्मर को भी जल्द से जल्द बदलवाने का कार्य हो रहा है।
वीके पटेल, अधिशाषी अभियंता विद्युत