अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर कुछ दिनों में लगभग एक करोड़ से यात्री सुविधाओं का विस्तार होगा। इसके अलावा प्लेटफॉर्मों को 26 कोच खड़े करने लायक बनाया जाएगा। यह जानकारी उत्तर रेलवे महाप्रबंधक अजय कुमार पूठिया ने शनिवार को स्टेशन का जायजा लेने के दौरान कही। स्टेशन के निकट कर्मचारियों के लिए बने निरीक्षक विश्रामालय का समारोह पूर्वक लोकार्पण किया।
इसके अलावा स्टेशन पर ऊर्जा संरक्षण के लिए एलईडी प्रकाश व्यवस्था का भी लोकार्पण किया। उन्होंने एलईडी के प्रयोग पर जोर देते हुए स्टेशन पर की गई इस व्यवस्था को सुचारु रूप से चलाए जाने का निर्देश भी दिया ताकि यात्रियों को कोई मुश्किल न आने पाए। रेलवे जीएम ने बताया कि अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर लगभग एक करोड़ रुपये से यात्री सुविधाओं में विस्तार किया जाएगा।
यह कार्य जल्द ही पूरा भी कराया जाएगा। इसमें स्टेशन पर अतिरिक्त वाटर कूलर, ओवर हेड टैंक व स्नान घर आदि शामिल हैं। सामान्य टिकट व आरक्षित टिकट काउंटरों पर जल्द ही सीसीटीवी कैमरे भी लगवाए जाने की जानकारी दी। महाप्रबंधक ने कहा कि सभी प्लेटफॉर्मों को 26 कोच खड़ा करने लायक बनाया जाएगा।
गौरतलब है कि अभी प्लेटफार्म नंबर एक पर किसी तरह अधिकतम 22 जबकि दो व तीन पर महज 20 कोच ही लग पाते हैं। जीएम ने बाद में स्टेशन के विभिन्न क्षेत्रों का जायजा लिया। कहा कि यात्री सुविधाओं को लेकर एहतियात बरतें जाएं। नॉन स्टाप ट्रेनों के ठहराव की मांग पर कहा कि इसके लिए तो रेलवे बोर्ड को ही निर्णय लेना होता है।
प्रस्ताव आया तो वे इसे आगे बढ़ाएंगे। इस मौके पर मंडल रेल प्रबंधक अनिल कुमार लोहाटी, स्टेशन अधीक्षक सत्यनरायण सिंह, विवेक सहित अन्य रेलवे अधिकारी व कर्मी मौजूद रहे। मालीपुर प्रतिनिधि के अनुसार इससे पहले जीएम की स्पेशल ट्रेन मालीपुर रेलवे स्टेशन भी रुकी।
यहां सुभाष यादव प्रधान, सुदीप मिश्र, अरुण अग्रवाल व महेंद्र सिंह आदि ने जीएम को ज्ञापन सौंपकर जीआरपी चौकी की स्थापना, नॉन स्टाप ट्रेनों के ठहराव, बेहतर पेयजल व्यवस्था तथा सामान्य टिकट व आरक्षित टिकट खिड़की अलग किए जाने की मांग की।