अंबेडकरनगर। यूपी बोर्ड हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा संपन्न कराने से पहले केंद्रों पर परीक्षार्थियों से जुड़ी सुविधाओं व मानकों को परखा जाएग। नकल पर रोक लगाने और परीक्षार्थियों की सुविधाओं के मद्देनजर इन केंद्रों पर 26 जनवरी से पहले सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करनी है। हर केंद्र पर छात्र संख्या के अनुसार पेयजल, शौचालय, बैठने की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था की जांच की जिम्मेदारी राजकीय कॉलेजों के प्रधानाचार्यों की होगी। मानकों के पूरा नहीं मिलने पर केंद्र को बदला जाएगा।
यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 24 फरवरी से शुरू होनी हैं। जिले में 376 विद्यालय हैं। इसमें 32 राजकीय, 60 एडेड व 284 प्राइवेट स्कूल हैं। शैक्षिक सत्र-2025 में दसवीं के 35,254 और बारहवीं में 36,114 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। इसके लिए 113 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक गिरीश सिंह ने बताया कि जांच में सीसीटीवी कैमरे के साथ अन्य व्यवस्थाओं को परखा जाएगा। कमी मिली तो संबंधित पर कार्रवाई होगी। विद्यार्थियों को परीक्षा के समय किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होगी।