स्थानीय नगर क्षेत्र के जफराबाद मोहल्ला स्थित कपड़े के आवासीय शोरूम में आग लगने से लगभग एक करोड़ का सामान राख हो गया। तीन मंजिला घर व दुकान में रविवार रात विद्युत शार्ट-सर्किट से लगना माना जा रहा है। आग की विभीषिका को देखते हुए जलालपुर के अलावा आलापुर, टांडा व अकबरपुर से भी फायरकर्मियों को बुला लिया गया।
लगभग छह घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका लेकिन तब तक सबकुछ जलकर राख हो चुका था। साथ ही तीसरी मंजिल पर स्थित आवास भी पूरी तरह जलकर राख हो गया।
नगर के जफराबाद मोहल्ले में दो सगे भाइयों गुलाबचंद्र अग्रहरि व फूलचंद्र एक संयुक्त आवासीय भवन में कपड़े का कारोबार करते हैं।
भूतल के एक हिस्से में गुलाबचंद्र की रेडीमेड की थोक व फुटकर तथा फूलचंद्र की रेडीमेड कपड़ों की दुकान है। दूसरी मंजिल पर दोनों भाइयों ने अपना-अपना शोरूम बनवा रखा था जबकि तीसरी मंजिल पर दोनों के परिवार रहते हैं। प्रतिदिन की तरह रविवार देर शाम भी दोनों भाई दुकान बंदकर तीसरी मंजिल पर सोने चले गए।
रात करीब डेढ़ बजे शोरूम के कर्मचारी रिंकू ने गुलाबचंद्र को जगाकर बताया कि दुकान में आग लग गई है। इस पर उन्होंने गुहार मचा दी। मौके पर स्थानीय लोग जुट गए। इसी बीच सूचना मिलने पर फायरकर्मी भी मौके पर पहुंच गए। शटर तोड़कर जब अंदर देखा गया तो वहां का दृश्य अत्यंत भयावह था।
दोनों दुकानों में कपड़े धू-धू कर जल रहे थे। फायरकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। इसी दौरान टैंकर में पानी समाप्त हो गया। फायरकर्मी उसे लेकर तत्काल नगरपालिका पहुंचे। लगभग पौने घंटे के बाद जब टैंकर वापस पहुंचा तो आग दूसरी व तीसरी मंजिल तक पहुंच चुकी थी।
सूचना पर अकबरपुर, टांडा व आलापुर के फायरकर्मी भी मौके पर पहुंच गए। फायरकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से छह घंटे बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
दोनों मंजिल पर स्थित कपड़े व तीसरी मंजिल का पूरा घरेलू सामान जलकर राख हो चुका था। पीड़ितों के अनुसार छह लाख की नगदी के अलावा लगभग एक करोड़ रुपये के कपड़े, दो बाइक, दो साइकिल, कम्प्यूटर व जेवरात जलकर राख हो गए।
इसमें लगभग एक करोड़ के सामान का नुकसान हुआ है। उधर, एसडीएम विवेक मिश्र, तहसीलदार एमके श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार विनोद सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर क्षति का जायजा लिया। एसडीएम ने मदद का भरोसा दिलाया।