अंबेडकरनगर जिला मुख्यालय पर मांगों को लेकर प्रदर्शन करते दिव्यांग।
- फोटो : अमर उजाला
सिंगारीदेवी राम कुमार पटेल स्मारक भारत देशन ट्रस्ट के बैनर तले दिव्यांगों ने कलेक्ट्रेट के समक्ष विभिन्न मांगों को लेकर धरना दिया। कहा गया कि दिव्यांगों की लंबे समय से उपेक्षा की जा रही है। विभिन्न मांगों को लेकर कई बार आवाज बुलंद की गई, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा सका।
यदि शीघ्र ही उनकी मांगों का निस्तारण नहीं होता, तो बड़े पैमाने पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष भीमसेन पटेल ने कहा कि दिव्यांग अब किसी भी कार्य में किसी से पीछे नहीं हैं। दिव्यांगों के उत्थान की बात तो सभी बढ़ चढ़कर करते हैं, लेकिन उसे जमीनी हकीकत देने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता।
कहा कि लंबे समय से दिव्यांगों को 3 हजार रुपये मासिक पेंशन दिए जाने की मांग की जा रही है, लेकिन सिर्फ आश्वासन ही दिया जा रहा है। किसी भी प्रकार की प्रक्रिया नहीं शुरू की जा सकी है। इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दिव्यांग अपना हक लेकर ही रहेंगे।
वक्ताओं ने कहा कि सभी दिव्यांग को बीपीएल व अन्त्योदय कार्ड मुहैया कराया जाए, लोहिया व इंदिरा आवासीय योजना का प्राथमिकता के आधार पर लाभ दिलाया जाए। सभी दिव्यांग को निशुल्क रसोई गैस कनेक्शन दिया जाए। सरकारी नौकरी में अलग से विशेष आरक्षण दिया जाए।