जलालपुर। नगर पालिका परिषद जलालपुर क्षेत्र में फैली विभिन्न अव्यवस्थाओं को लेकर सोमवार को सभासदों ने अधिशासी अधिकारी अरविंद कुमार से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई और त्वरित कार्रवाई की मांग की।
सभासदों ने आरोप लगाया कि नगर के सभी वार्डों में सफाई व्यवस्था, नाले की सफाई, अतिक्रमण और जाम की समस्या लगातार बनी हुई है। वार्ड नंबर 3 छाछू मोहल्ला के सभासद आशीष सोनी ने बताया कि मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गई शिकायत को भी गलत रिपोर्ट लगाकर निस्तारित कर दिया गया। मनोनीत सभासद गौरव उपाध्याय, रामवृक्ष भार्गव और विकास सोनकर ने कहा कि अवैध अतिक्रमण से लोगों को परेशानी होती है। वहीं बेचन पांडेय और विकास निषाद ने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनने में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। वहीं अधिशासी अधिकारी अरविंद कुमार ने कहा कि वार्डों में नियमित सफाई के निर्देश दिए गए हैं और सभी शिकायतों का शीघ्र समाधान कराया जाएगा।