अंबेडकरनगर। जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग ने विद्युत वितरण खंड जलालपुर के अधिशासी अभियंता झब्बूराम की लगातार गैरहाजिरी पर सख्त रुख अपनाया है। आयोग के अध्यक्ष/न्यायिक मजिस्ट्रेट दयाराम सिंह ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर अधिशासी अभियंता को सम्मन की तामील कराते हुए आगामी सुनवाई में हर हाल में उपस्थित कराने के निर्देश दिए हैं।
जलालपुर के ताजूपुर खानू निवासी अनिल कुमार ने एक्सईएन झब्बूराम के विरुद्ध एक वाद उपभोक्ता फोरम में दायर किया था। बिजली कनेक्शन काटकर पीडी न करने और बकाया का नोटिस भेजने का आरोप था। इस मामले में पूर्व में आयोग की ओर से पीडी कराए जाने का आदेश दिया गया था। इसके बाद भी अब तक पीडी नहीं कराया गया है। आयोग की ओर से इसमें एक्सईएन को नोटिस भेजकर 24 जुलाई को उपस्थित होने का आदेश दिया था। इसके बाद भी वह नहीं पहुंचे।
आयोग ने 24 जुलाई को जारी पत्र में कहा गया है कि मामले की अगली सुनवाई 5 अगस्त 2026 को निर्धारित है। आयोग ने एसपी अधिशासी अभियंता को विधिवत सम्मन तामील कराया जाए और तामीलशुदा सम्मन समय से न्यायालय में वापस प्रस्तुत कराया जाए, ताकि सुनवाई बाधित न हो।