अंबेडकरनगर कलेक्ट्रेट से यातायात जागरूकता रैली को रवाना करते डीएम सैमुअल पॉल एन।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। हादसों को रोकने के लिए प्रत्येक नागरिक को यातायात नियमों का पूर्ण पालन करना चाहिए। यह अपील डीएम ने शनिवार को लोगों से की। वे राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह के समापन मौके पर एनसीसी व स्काउट गाइड की जन जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर कलेक्ट्रेट से रवाना कर रहे थे। डीएम ने छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि वे न सिर्फ स्वयं सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करें, वरन इसके लिए दूसरों को भी प्रेरित करें।
जिले में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का आयोजन किया जा रहा था। इसके तहत कई तरह के कार्यक्रम जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में किए गए। शनिवार को कलेक्ट्रेट में समापन करते हुए डीएम सैमुअल पॉल एन ने आम नागरिकों से आह्वान किया कि तेजी से बढ़ते सड़क हादसों को रोकने के लिए यातायात नियम का पूरी तरह पालन करें। नियमों का पालन न करने से ही सड़क हादसे होते रहते हैं। डीएम ने युवाओं से आह्वान किया कि उन्हें सबसे ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है। बाइक व कार आदि चलाते समय पूरी तरह से ट्रैफिक नियमों का पालन करें। ज्यादा स्पीड रहने तथा अनावश्यक ओवरटेक करने के कारण ही ज्यादा हादसे होते हैं। ऐसे में इससे हर हाल में बचा जाए। अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे भी सड़क पर चलते समय नियमों का पूरी तरह से पालन करें।
एआरटीओ बीडी मिश्र ने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति यातायात नियमों का पालन करने लगे तो सड़क हादसों में कमी लाई जा सकती है। डीएम ने बाद में एनसीसी व स्काउट गाइड के बच्चों की यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली ने नगर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक किया। इस मौके पर डॉ. पंकज कुमार वर्मा, सीओ अकबरपुर अशोक कुमार सिंह व आरआई विपिन कुमार आदि मौजूद रहे।