जिले के तीन मूल्यांकन केंद्रों पर गुरुवार को यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के पहले ही दिन 778 परीक्षक अनुपस्थित रहे। इनमें 42 उपप्रधान परीक्षक व 736 परीक्षक शामिल हैं। वैसे तो सुबह 10 बजे से ही मूल्यांकन का कार्य प्रारंभ होना था, लेकिन दो घंटे विलंब से मूल्यांकन का कार्य शुरू हुआ। पहले दिन 17 हजार 996 कापियां जांची गईं।
गौरतलब है कि यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए जिले में तीन मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं। इसमें बीएन इंटर कॉलेज अकबरपुर, डॉ. गणेश कृष्ण जेतली इंटर कॉलेज अकबरपुर व सरदार पटेल स्मारक इंटर कॉलेज लारपुर शामिल हैं।
इन केंद्रों पर कुल 6 लाख 73 हजार कॉपियों का मूल्यांकन होना है। कापियों के मूल्यांकन में किसी प्रकार की बाधा न हो, इसके लिए कुल 2089 परीक्षक व उपप्रधान परीक्षक को लगाया गया है।
इसमें बीएन इंटर कॉलेज में इंटर की 1 लाख 95 हजार कापियों के लिए 434 परीक्षक व 45 उपप्रधान परीक्षक, जेतली इंटर कॉलेज में इंटर की 1 लाख 78 हजार 427 कापियों के लिए 427 परीक्षक व 45 उपप्रधान परीक्षक तथा सरदार पटेल इंटर कॉलेज में इंटर की 1 लाख 52 हजार कापियों के लिए 479 परीक्षक व 65 उपप्रधान परीक्षक तथा हाईस्कूल की 1 लाख 48 हजार कापियों के लिए 552 परीक्षक व 63 उपप्रधान परीक्षक शामिल हैं।
मूल्यांकन प्रारंभ होने से पहले डीआईओएस विनोद सिंह ने तीनों मूल्यांकन केंद्रों पर पहुंचकर परीक्षक व उपप्रधान परीक्षक के साथ बैठक की। साथ ही उन्हें कापियों के सुचारु मूल्यांकन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके बाद डीआईओएस व पर्यवेक्षक के समक्ष माडल कापी की जांच हुई।
डीआईओएस ने सभी परीक्षकों को निर्देशित करते हुए कहा कि इसी माडल कॉपी के अनुसार ही कापियों का मूल्यांकन किया जाएगा। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मूल्यांकन के लिए सभी परीक्षकों की शतप्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। सभी पर्यवेक्षकों को निर्देशित किया गया है कि वे संबंधित परीक्षकों का मूल्यांकन केंद्रों पर उपस्थित होना सुनिश्चित करें।