अंबेडकरनगर। यूपी बोर्ड परीक्षा की कॉपियों का मूल्यांकन सीसीटीवी कैमरे की देखरेख में शनिवार को जिले के छह केंद्रों पर शुरू हो गया। इस दौरान केंद्रों पर कोई अव्यवस्था न हो, इसके लिए डीआईओएस प्रवीण कुमार मिश्र ने टीम के साथ केंद्रों का जायजा लिया। साथ ही पूरी पारदर्शिता के साथ मूल्यांकन कार्य करने को कहा। साथ ही मूल्यांकन केंद्रों पर एक कम्प्यूटर ऑपरेटर व उपकरण का प्रबंध करने का निर्देश दिया जिससे ऑनलाइन व्यवस्था को सुचारु ढंग से संचालित किया जा सके।
गौरतलब है कि 13 अप्रैल को यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा संपन्न होने के बाद माध्यमिक शिक्षा परिषद ने जिले में मूल्यांकन के लिए छह केंद्र निर्धारित करते हुए वहां प्रबंध भी कराए गए। मूल्यांकन को पारदर्शी ढंग से कराने के लिए दिशा-निर्देश भी दिए गए। इस बीच शनिवार को मूल्यांकन शुरू कर दिया गया।
मूल्यांकन के दौरान कोई अव्यवस्था न हो, इसके लिए डीआईओएस प्रवीण कुमार मिश्र ने टीम के साथ बीएन इंटर कॉलेज, गणेश कृष्ण जेतली इंटर कॉलेज, संतकबीर इंटर कॉलेज सैदापुर, रामअवध इंटर कॉलेज बरियावन व सरदार पटेल इंटर कॉलेज लारपुर में पहुंचकर मूल्यांकन कार्य का जायजा लिया। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि मूल्यांकन पूरी पारदर्शिता के साथ तय हो। यदि कोई अव्यवस्था हो तो उससे तत्काल अवगत कराया जाए।
डीआईओएस प्रवीण मिश्र ने बताया कि शनिवार से जिले के छह केंद्रों पर मूल्यांकन कार्य शुरू हुआ है। सभी केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि केंद्रों पर एक कम्प्यूटर व एक ऑपरेटर अतिरिक्त लगाए जाएं जिससे माध्यमिक शिक्षा बोर्ड को दी जाने वाली ऑनलाइन सूचनाएं ठीक समय पर उपलब्ध कराई जा सकें।