अंबेडकरनगर। जहांगीरगंज इलाके के मदरसा इस्लामिया बरकतुलउलूम के प्रधानाचार्य शहंशाह आलम को कुछ लोगों ने जान से मारने की धमकी दी। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
देवरिया जिले के शहंशाह आलम ने पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि वह मदरसा इस्लामिया बरकतुलउलूम नेवारी दुराजपुर जहांगीरगंज में प्रधानाचार्य के पद पर कायर्रत हैं। 17 अगस्त को सुबह नेवारी के ही मतलूब अहमद, सरफराज अहमद, माेहम्मद इरफान उर्फ गुड्डू व आसिफ बिना किसी अनुमति के विद्यालय परिसर में घुस आए थे। आरोपियों ने परिसर में दीवारों पर लिखे एमडीएम कोड, बच्चों की उपस्थिति सूची और अन्य सूचनाएं अपने मोबाइल से फोटो खींचनी शुरू कर दीं। फिर 19 अगस्त को सुबह करीब 11 बजे यही समूह स्कूल में प्रवेश कर गया। इस बार उनके साथ कुछ और अज्ञात लोग भी थे। उन्होंने स्टोर रूम की चाभी की मांग कर वीडियो बनाना शुरू कर दिया। चाबी न देने पर प्रधानाचार्य को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। जहांगीरगंज थाना प्रभारी अजय यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।