अंबेडकरनगर। जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते अकबरपुर नगर में बेपटरी हुई सफाई व्यवस्था की मिल रहीं शिकायतों का संज्ञान लेते हुए डीएम सैमुअल पॉल एन रविवार को अकबरपुर नगर के भ्रमण पर निकले। उन्होेंने अकबरपुर नगर सीमा की नाली/नालों एवं उनमें जलनिकासी का स्थलीय निरीक्षण किया। कई जगह सफाई व्यवस्था ठीक न मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई। साथ ही कई जगह नालों पर हुए अवैध कब्जे को तत्काल हटाने का निर्देश दिया।
लंबे समय बाद जिले में किसी डीएम को जलनिकासी संकट से जूझ रहे नागरिकों की सुध हुई। तेज बरसात को देखते हुए डीएम सैमुअल पॉल एन अमले को लेकर नगर भ्रमण पर निकल पड़े। उन्होंने अकबरपुर नगर पालिका के पटेलनगर तिराहा, कोतवाली से लेकर सर्किट हाउस, पाठक कॉलोनी शहजादपुर, पंडाटोला शहजादपुर, शहजादपुर चौक से सब्जी मंडी रोड, पार्क रोड, क्षेत्राधिकारी आवास, गोविंदपुर गणेशपुर वार्ड नंबर-6 तथा गांधी आश्रम स्थित नाली/नालों के सफाई कार्य का जायजा लिया।
अकबरपुर कोतवाली से लेकर सर्किट हाउस अकबरपुर के अलावा अन्य स्थानों पर नालों के ऊपर हुए अतिक्रमण को तत्काल हटाने का निर्देश अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को दिया। साथ ही यह भी निर्देश दिया गया कि तत्काल अतिक्रमण हटाते हुए समुचित सफाई करवाया जाए। पाठक कॉलोनी तथा पंडा टोला शहजादपुर में स्थित नाले का जायजा लेते हुए उसकी और सफाई कराने का निर्देश दिया। जगजीवन यादव के प्लाट से मठिया मंदिर तक के आसपास एकत्रित जल निकासी के लिए नाली निर्माण/मरम्मत के लिए निर्देशित किया। शहजादपुर चौक से सब्जी मंडी मार्ग पर स्थित नाली में पानी रुका हुआ पाया गया, जिसे तत्काल अवरुद्ध पानी को निकासी के लिए नाली की सफाई कराने का निर्देश दिया। साथ ही नाली पर हुए अतिक्रमण को हटाने का निर्देश दिया।
इसके बाद डीएम ने पार्क मार्ग पर स्थित नाले का जायजा लिया गया। नाले पर संपर्क मार्ग की पुलिया टूटी पाई गई। इसे तत्काल दुरुस्त कराने का निर्देश दिया। क्षेत्राधिकारी आवास, वार्ड नंबर-6 गोविंदपुर गणेशपुर में स्थित नालों का जायजा लेते हुए सफाई का निर्देश दिया। गोविंदपुर गणेशपुर में कई पात्रों ने डीएम से प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की। डीएम ने अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया कि संबंधित नागरिकों की पात्रता की जांच कराई जाए और उन्हें आवास का लाभ दिया जाए।