अंबेडकरनगर के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के शिवबाबा धाम परिसर में बिल्लू इंदौरी गैंग के शूटर वाहिद अंसारी के एनकाउंटर की मजिस्ट्रेटी जांच होगी। जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने मामले की जांच के लिए उप जिलाधिकारी आलापुर राहुल गुप्ता को नामित किया है। उन्हें जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। जांच के दौरान मृतक के परिजन, चश्मदीद गवाह और घटना से जुड़े अन्य लोग अपना बयान दर्ज करा सकेंगे।
पुलिस के अनुसार, 17-18 नवंबर की रात वाहिद अंसारी अपने एक साथी के साथ बाइक से अयोध्या की ओर से अकबरपुर आ रहा था। इसी दौरान शिवबाबा धाम परिसर के पास पुलिस से उसकी मुठभेड़ हो गई। बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग में शहर कोतवाल भूपेंद्र सिंह और एसओजी के सिपाही सोनू यादव घायल हो गए थे। एसपी प्राची सिंह और एसओजी प्रभारी विनोद यादव की बुलेटप्रूफ जैकेट में भी गोली लगी थी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वाहिद अंसारी मारा गया था। उस पर 35 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे, जबकि उसका दूसरा साथी अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर है। उप जिलाधिकारी राहुल गुप्ता ने बताया कि मामले की निष्पक्षता से जांच कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।
पुलिस कार्रवाई की होगी जांच
मजिस्ट्रेटी जांच में मुठभेड़ की परिस्थितियों से लेकर पुलिस की कार्रवाई तक की पड़ताल की जाएगी। इसमें यह जांचा जाएगा कि गोलीबारी की शुरुआत किस तरफ से हुई और पुलिस ने किन परिस्थितियों में जवाबी कार्रवाई की। यह भी देखा जाएगा कि पुलिस के पास आत्मरक्षा और बदमाशों को रोकने के लिए बल प्रयोग के अलावा अन्य विकल्प मौजूद थे या नहीं।
जांच अधिकारी घटना से जुड़े पुलिसकर्मियों, मृतक के परिजनों, चश्मदीद गवाहों, डॉक्टरों और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज करेंगे। इसके अलावा एफआईआर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक और बैलेस्टिक जांच से जुड़े साक्ष्यों का भी परीक्षण किया जाएगा। सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस की कार्रवाई तथा बल प्रयोग की परिस्थितियों का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी।