अंबेडकरनगर। जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीज गर्मी और उमस से परेशान हैं। इमरजेंसी के वार्डों में लगे सभी छह एसी खराब पड़े हैं। इमरजेंसी में तीन वार्ड हैं। छह-छह बेड वाले हर वार्ड में दो-दो एसी लगे हैं।
एसी खराब होने से इमरजेंसी में भर्ती होने वाले मरीजों को काफी परेशानी हो रही है। अस्पताल के कर्मचारियों के मुताबिक बेहतर रखरखाव नहीं होने से एक-एक कर सभी एसी खराब हो गए। तीनों वार्ड में पंखे तो लगे हैं लेकिन गर्मी और उमस में मरीजों को राहत नहीं मिल पा रही है।मरीज की तीमारदारी में लगे अहेथा के राजकुमार ने बताया कि अधिकारियों के कक्ष में एसी बेहतर ढंग से काम कर रहे हैं लेकिन मरीजों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। तीमारदार अरुण कुमार व संदीप ने बताया कि इमरजेंसी वार्ड में गंभीर मरीज भर्ती होते हैं। उन्हें सुविधा की जरूरत अधिक होती है।
इमरजेंसी वार्ड के एसी को ठीक कराया जाएगा। इस बारे में निर्देश दिए गए हैं।
-डॉ. ओमप्रकाश, सीएमएस