अंबेडकरनगर। जिले की बिजली आपूर्ति व्यवस्था सोमवार को भी बेपटरी रही। कहीं भूमिगत केबल जल गई, कहीं ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आ गई तो कहीं जम्पर और तारों में फॉल्ट होने से शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक बिजली आपूर्ति घंटों ठप रही। रविवार देर रात से सोमवार शाम तक चली इन तकनीकी दिक्कतों के कारण अकबरपुर शहर समेत करीब 100 गांवों के हजारों उपभोक्ताओं को भीषण उमस और गर्मी के बीच भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
सबसे गंभीर घटना रविवार देर रात करीब दो बजे अकबरपुर के पटेलनगर कोल्ड स्टोर के सामने हुई जहां सड़क किनारे गुजर रही भूमिगत बिजली केबल में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में केबल से तेज लपटें उठने लगीं। पास में स्थित सीएनजी पेट्रोल पंप के कारण आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई और तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। हालांकि दमकल के पहुंचने से पहले ही आग बुझा ली गई, लेकिन केबल पूरी तरह जलकर नीचे गिर गया।
केबल जलने से पटेलनगर क्षेत्र के लोग पूरी रात बिजली संकट से जूझती रही। उमस भरी गर्मी में लोगों की रात बिना बिजली के कटी। सुबह नगर पालिका अकबरपुर का वाहन मंगाकर जले हुए केबल को हटाया गया और नया केबल लगाया गया। करीब नौ घंटे बाद सुबह लगभग 11 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।
वहीं, सोमवार सुबह 220 केवी ट्रांसमिशन केंद्र से महरूआ क्षेत्र को बिजली आपूर्ति करने वाले 63 एमवीए ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आने से मरम्मत कार्य शुरू कराया गया। ट्रांसफार्मर की सुरक्षा को देखते हुए सुबह 11:30 बजे महरूआ बिजलीघर से जुड़ी आपूर्ति बंद कर दी गई। शाम करीब छह बजे मरम्मत पूरी होने के बाद आपूर्ति बहाल की गई। इस दौरान महरूआ बिजलीघर से जुड़े करीब 60 गांवों में साढ़े छह घंटे तक बिजली गुल रही, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
यहां भी हुई कटौती
कटेहरी क्षेत्र में रात करीब 12 बजे जंपर कटने से ब्रेकडाउन हो गया और लगभग 30 गांवों की बिजली गुल हो गई। बिजली विभाग की टीम ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद फॉल्ट दूर किया जिसके बाद रात दो बजे आपूर्ति सामान्य हो सकी। इसके अलावा मंसापुर क्षेत्र में बिजली के तार आपस में चिपकने से फॉल्ट हो गया, जिससे 15 गांवों की बिजली कई घंटे बाधित रही। विभागीय कर्मचारियों ने फॉल्ट दूर कर देर बाद आपूर्ति बहाल कराई।
मरम्मत के बाद शुरू की गई आपूर्ति
अधिशासी अभियंता प्रेमचंद ने बताया कि पटेलनगर में जली हुई केबल को बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल करा दी गई है। वहीं एसडीओ ट्रांसमिशन आरपी पाठक ने बताया कि 63 एमवीए ट्रांसफार्मर में तकनीकी कार्य ट्रांसफार्मर की सुरक्षा के मद्देनजर कराया गया था। मरम्मत पूरी होने के बाद सोमवार शाम बिजली आपूर्ति पुनः सुचारु कर दी गई।