अंबेडकरनगर। जिले में बिजली व्यवस्था मंगलवार रात एक बार फिर चरमरा गई। टांडा बिजलीघर से मुबारकपुर उपकेंद्र को जाने वाली 33 हजार वोल्ट की लाइन रसूलपुर के पास टूट गई। वहीं, चिंतौरा में जंफर जलने से 50 से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बारिश के कारण रात में फाल्ट ठीक नहीं हो सका। इससे ग्रामीणों को पूरी रात उमस और अंधेरे में परेशानी झेलनी पड़ी।
अकबरपुर में भी उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिली। वीआईपी बिजलीघर, बैरमपुर-बरवा समेत कई फीडरों पर रातभर कटौती होती रही। उमस के चलते लोगों की नींद प्रभावित हुई। बुधवार दोपहर लोक निर्माण विभाग के पास लगे ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आने से आसपास के क्षेत्र की आपूर्ति भी बाधित हो गई। कर्मचारियों के प्रयास के बावजूद खराबी दूर नहीं हुई। शाम करीब सात बजे ट्रॉली ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति बहाल की गई।
सुलेमपुर संवाद के अनुसार, हीरापुर, बेलदहा, मुबारकपुर, अकूतपुर, बूधीपुर, साबुकपुर, दौलतपुर, त्रिमुहानी, रामपुर, जल्लापुर, मिश्रौलिया, चौबेकापुर, अजमेरी बादशाहपुर, फूलपुर, नारायणपुर, सोनहन और सुलेमपुर समेत 50 से अधिक गांव प्रभावित रहे। बुधवार सुबह आठ बजे अवर अभियंता बिजलीकर्मियों के साथ फाल्ट तलाशने निकले। चिंतौरा और रसूलपुर में खराबी दूर करने के बाद करीब 11 बजे आपूर्ति बहाल हो सकी।
हजपुरा संवाद के अनुसार, कल्याणपुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े 15 से अधिक गांवों में पेड़ों की डालियां हटाने के लिए दोपहर 12 से शाम चार बजे तक बिजली बंद रखी गई। अवर अभियंता अंबिका प्रसाद ने बताया कि रोस्टिंग का समय बदलकर पेड़ों की कटिंग कराई गई। काम पूरा होने के बाद आपूर्ति बहाल कर दी गई।