अंबेडकरनगर। राज्य विद्युत परिषद प्राविधिक कर्मचारी संघ के तत्वावधान में सोमवार को कर्मचारियों ने अकबरपुर विद्युत उपकेंद्र परिसर में प्रदर्शन कर हक की आवाज बुलंद की। कहा गया कि लंबे समय से ग्रेड पे 4200 रुपये किए जाने की मांग की जा रही है, लेकिन उसे लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। पदोन्नति के लिए 10 वर्ष की वैधता को भी समाप्त किए जाने की मांग की जा रही है, लेकिन इसे नजरअंदाज किया जा रहा है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही उनकी मांगों का निस्तारण नहीं हुआ तो 22 फरवरी को प्रदेश के प्रत्येक जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा।
अध्यक्ष विवेक यादव ने कहा कि ऊर्जा निगमों में कार्यरत टेक्नीशियन कर्मियों की अनदेखी की जा रही है। उनकी समस्याओं के निस्तारण को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। 4200 रुपये ग्रेड पे किए जाने की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन इसे लेकर जिम्मेदारों द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। जब भी इसे लेकर धरना-प्रदर्शन किया जाता है, तो सिर्फ आश्वासन ही दिया जाता है। इससे आगे प्रक्रिया नहीं बढ़ रही है। इससे संबंधित कर्मचारियों को आर्थिक मुश्किलें उठानी पड़ रही हैं।
वक्ताओं ने कहा कि पदोन्नति में 10 वर्ष की वैधता समाप्त की जाए। इसे लेकर भी कई बार धरना-प्रदर्शन किया गया, लेकिन जिम्मेदारों द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। वक्ताओं ने कहा कि कर्मचारी अपने हक की आवाज लगातार बुलंद करते रहेंगे। चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही उनकी मांगों का निस्तारण नहीं हुआ तो 22 फरवरी को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन कर हक की आवाज बुलंद की जाएगी। इस मौके पर अमरजीत यादव, अनीस वर्मा, सुरेंद्र यादव, रामजीत, अखिलेश, आसाराम, केशवराम, नरसिंह, सोनू, शिवराज आदि मौजूद रहे।