चुनावी रंजिश में इब्राहिमपुर थाना अन्तर्गत यादवपुर गांव में मंगलवार दोपहर चुनाव में जीत हासिल करने वाले प्रधान व पूर्व प्रधान के समर्थक आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद लाठी डंडे व ईंट-पत्थर चलने लगे। बताया जाता है कि दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की गई। मारपीट में दोनों पक्षों के कुल 12 लोग घायल हो गए। बाद में घायलों ने थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और तहरीर दी। पुलिस ने घायलों को मेडिकल के लिए भेजकर छानबीन शुरू कर दी। हालांकि पुलिस ने हवाई फायरिंग किए जाने की जानकारी से इन्कार किया है।
जानकारी के मुताबिक चुनाव में जीत हासिल करने वाली ग्राम प्रधान पूनम पांडेय व पूर्व प्रधान पूनम शुक्ला के समर्थक मंगलवार दोपहर चुनावी रंजिश को लेकर आमने-सामने आ गए। बताया जाता है कि पहले दोनों के पुत्रों के बीच चुनाव को लेकर कहासुनी हुई। इसके बाद मारपीट की नौबत आ गई। पहले तो वहां मौजूद लोगों ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। आरोप है कि पूनम पांडेय पक्ष के लोग लाठी-डंडा लेकर पूनम शुक्ला के एक समर्थक राजमणि शुक्ल के घर के सामने पहुंच गए और वहां मौजूद राजमणि की पिटाई करने लगे। गुहार पर राजमणि के पक्ष में भी लोग लाठी-डंडा लेकर पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच न सिर्फ लाठी डंडे, बल्कि ईंट पत्थर भी चलने लगे।