राजकीय मेडिकल कॉलेेज सद्दरपुर पोस्टमार्टम हाउस के बाहर मौजूद मृतक के परिजन। संवाद
सद्दरपुर। इब्राहिमपुर क्षेत्र में टांडा-एनवा मार्ग पर बरुआ जलाकी नहर के पास शनिवार सुबह दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में सुरसती (82) की मौत हो गई। हादसे में उनका बेटा चंद्रभान (56) और पोता सूरज (25) गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद दूसरी बाइक का चालक मौके से फरार हो गया।
परिजनों के अनुसार, इब्राहिमपुर के कटरिया निवासी सुरसती अपने भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए खूखूतारा गांव जा रही थीं। बाइक उनका पोता सूरज चला रहा था, जबकि चंद्रभान और सुरसती पीछे बैठे थे। सुबह करीब 10 बजे बरुआ जलाकी नहर के पास पहुंचने पर विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही बाइक ने उनकी बाइक में सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सुरसती को मृत घोषित कर दिया। सूरज ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। उसके और चंद्रभान के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। चंद्रभान का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है, जबकि सूरज की हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। इंस्पेक्टर सुनील कुमार पांडेय ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।