सद्दरपुर। आलापुर के अछती गांव में रविवार सुबह नाले की पुलिया पर बैठे बंसराज चौहान (65) की अचानक नाले में गिरने से मौत हो गई। मृतक मूल रूप से आजमगढ़ जिले के निवासी थे और अपनी बेटी के यहां अछती गांव में रह रहे थे।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 7:30 बजे बंसराज चौहान गांव के पास स्थित नाले की पुलिया पर बैठे हुए थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ा और वे नाले में गिर गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत उन्हें नाले से बाहर निकाला और घटना की सूचना उनके दामाद ओमकार चौहान को दी।
परिजन और ग्रामीणों ने तत्काल बंसराज चौहान को एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की छह संतान हैं। सभी का विवाह हो चुका है। इंस्पेक्टर बीरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि नाले में गिरने से मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। संवाद