जहांगीरगंज। अकथरा नारायणपुर गांव में मंगलवार को बारिश से बचने के लिए जामुन के पेड़ के नीचे खड़े किशोर (70) के ऊपर पेड़ गिर गया। गंभीर रूप से घायल किशोर की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।
किशोर दोपहर करीब तीन बजे बकरी चराने गए थे। इसी दौरान तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। वह बारिश से बचने के लिए जामुन के पेड़ के नीचे खड़े हो गए। अचानक पेड़ भरभराकर उनके ऊपर गिर पड़ा। ग्रामीण और परिजन उन्हें अतरौलिया स्थित 100 शैय्या अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें आजमगढ़ रेफर कर दिया। देर रात आजमगढ़ ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।
किशोर की मौत से पत्नी बदामा देवी बदहवास हैं। उनकी सात संतानों में तीन बेटियों का विवाह हो चुका है, जबकि छह बेटे दीपचंद, धूपचंद, हरिश्चंद, दीपक, पांचू और श्यामसुंदर हैं। वह चौथे बेटे दीपक के साथ रहते थे। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। तहसीलदार पद्मेश कुमार ने बताया कि जांच के बाद पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिलाया जाएगा।