अंबेडकरनगर। जनसमस्याओं के निस्तारण को लेकर शनिवार को जिले के अलग-अलग स्थानों में समाधान दिवस का आयोजन हुआ। पुलिस व राजस्व से जुड़े कुल 109 शिकायती पत्र थानों में प्राप्त हुए। इनमें से अधिकारियों ने मौके पर आठ शिकायतों का निस्तारण कर दिया जबकि 101 शिकायतों को संबंधित थानों व राजस्व टीम को जल्द निस्तारित करने के लिए सौंप दिया।
कोतवाली टांडा में डीएम सैमुअल पॉल एन व पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी की मौजूदगी में समाधान दिवस आयोजित हुआ। कुल छह शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। मौके पर एक शिकायती का निस्तारण हुआ। डीएम ने राजस्व कर्मियों को निर्देशित किया कि पुलिस टीम के साथ मिलकर शिकायतों का तत्परता पूर्वक हुआ गुणवत्ता पूर्ण तरीके से निस्तारण करें। किसी एक शिकायत को लेकर बार-बार फरियादी को थाने न दौड़ाया जाए।
एसपी आलोक प्रियदर्शी ने भी शिकायतों के निस्तारण को गंभीरता से लेने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों का गुणवत्ता पूर्वक निस्तारण सुनिश्चित करें। इस मौके पर उपजिलाधिकारी टांडा, क्षेत्राधिकारी टांडा व थानाध्यक्ष टांडा विजेंद्र शर्मा आदि मौजूद रहे।
इब्राहिमपुर थाने का डीएम व एसपी ने पहुंचकर जायजा लिया। इब्राहिमपुर में कुल चार शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। मौके पर एक भी शिकायत का निस्तारण नहीं हो सका। जिले के अलग-अलग स्थानों में आयोजित समाधान दिवस में कुल 109 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। अधिकारियों की टीम ने कुल आठ शिकायतों का निस्तारण किया जबकि 101 शिकायतों के निस्तारण के लिए टीम गठित कर दी गई है।