अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर पालिका क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए सेफ सिटी योजना के तहत सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। करीब 80 लाख रुपये की लागत से शहर के आठ प्रमुख और संवेदनशील स्थानों को निगरानी के दायरे में लाया जा रहा है। फव्वारा तिराहा समेत कई स्थानों पर कैमरे लगाने का काम पूरा हो चुका है।
योजना के तहत पटेलनगर, फव्वारा तिराहा, न्यौतरिया, दोस्तपुर चौराहा, गौहन्ना चौराहा, पहितीपुर चौराहा, संघतिया और तहसील तिराहे पर कैमरे लगाए जा रहे हैं। इससे प्रमुख चौराहों और आसपास के क्षेत्रों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी। साथ ही असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और किसी घटना के बाद संदिग्धों की पहचान करने में मदद मिलेगी।
नगर पालिका की योजना इन आठ स्थानों तक सीमित नहीं है। कृष्णानगर कॉलोनी, इंद्रलोक कॉलोनी और रिंग रोड से जुड़ने वाले प्रमुख मार्गों पर भी सीसीटीवी कैमरे लगाने की तैयारी है। इससे शहर के अधिक हिस्सों को निगरानी व्यवस्था से जोड़ा जाएगा।
करीब 62 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल वाली नगर पालिका में कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग के लिए कार्यालय में मुख्य कंट्रोल रूम तैयार किया जा रहा है। यहां से विभिन्न स्थानों पर लगे कैमरों की मदद से गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।
अधिशासी अधिकारी राजमणि वर्मा ने बताया कि सेफ सिटी योजना के तहत प्रमुख और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य नगर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और असामाजिक गतिविधियों पर निगरानी रखना है।