अंबेडकरनगर। बकरीद पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया है। संवेदनशील इलाकों से लेकर मुख्य ईदगाहों व मस्जिदों तक, सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके लिए जिले को नौ जोन में बांटकर 122 ईदगाहों और 332 मस्जिदों पर अभेद सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
इस बार सुरक्षा व्यवस्था में आधुनिक तकनीक का भरपूर इस्तेमाल किया जा रहा है। हॉट स्पॉट की पहचान की गई है, जहां भीड़ अधिक होने या पूर्व में छोटी-मोटी घटनाएं होने की आशंका है। इन क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों के जरिये छतों और तंग गलियों की निगरानी की जाएगी। प्रमुख चौराहों पर लगे सीसी कैमरों को कंट्रोल रूम से सीधे जोड़ा जा रहा है।
सोशल मीडिया सेल को सक्रिय कर दिया गया है ताकि किसी भी तरह की भ्रामक अफवाह को को फैलने से रोका जा सके। बकरीद की नमाज की सुरक्षा को लेकर पांच जोन व 18 सेक्टर में पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है। संवेदनशील इलाकों में पीएससी बल भी तैनात रहेंगे। ड्रोन से सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की जाएगी।