परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं में बंटने के लिए आई किताबें व उत्तर पुस्तिकाएं बीआरसी कार्यालय कटेहरी में डंप पड़ी पाई गईं। हजारों की तादाद में किताबें एक कक्ष में फेंकी पड़ी होने की सूचना के बाद डीएम के निर्देश पर एसडीएम सदर ने बीआरसी पर छापा मार दिया।
वहां एक कमरे में बीते शिक्षा सत्र की किताबें व उत्तर पुस्तिकाएं बड़ी तादाद में पाई गईं। इसके बाद बीएसए ने कटेहरी के खंड शिक्षाधिकारी को स्पष्टीकरण नोटिस जारी कर दिया। उधर एसडीएम ने आवश्यक रजिस्टरों को कब्जे में लेने के साथ ही देर शाम तक मिलान व जांच का कार्य जारी रखा।
बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की बड़ी मनमानी का खुलासा बुधवार को हुआ। हुआ यह कि बुधवार दोपहर बाद किसी ने जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव को बताया कि कटेहरी ब्लॉक के बीआरसी कार्यालय पर परिषदीय विद्यालयों के बच्चों में वितरित होने के लिए आई हजारों किताबें व उत्तर पुस्तिकाएं एक कमरे में बंद पड़ी हैं।
डीएम ने एसडीएम सदर विवेक मिश्र को फौरन मौके पर जाने के लिए कहा। एसडीएम ने दोपहर बाद बीआरसी कार्यालय पर छापा मार दिया। वहां परिसर के एक कमरे को खुलवाया गया तो हजारों की तादाद में किताबें व उत्तर पुस्तिकाएं पाई गईं। खास बात यह कि सभी किताबें व उत्तर पुस्तिकाएं बीते शिक्षासत्र की थीं।
छापेमारी की इस खबर के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। बीएसए जेएन सिंह समेत कई अन्य विभागीय अधिकारी भी मौके पर पहुुंचे। वहां किताबों व उत्तर पुस्तिकाओं का जखीरा देख अधिकारी भी सन्न रह गए। एसडीएम ने कार्यालय के रजिस्टरों को फौरन अपने कब्जे में ले लिया।
इसके साथ ही वृहद स्तर की जांच भी शुरू कर दी। एसडीएम ने बताया कि विस्तृत जांच में यह देखा जा रहा कि बीते शिक्षासत्र के लिए कितनी उत्तर पुस्तिकाओं व पुस्तकों की मांग की गई थी और कितनी उत्तर पुस्तिकाएं बीआरसी कार्यालय को उपलब्ध कराई गई थीं।
जांच के दायरे में यह भी लाया जा रहा है कि रिकार्ड के अनुसार कितनी उत्तर पुस्तिकाएं व किताबों को विद्यालयों को उपलब्ध कराया गया। स्टाक रजिस्टर व मौके पर मिली सामग्री के बीच के अंतर को भी देखा जा रहा है।
जांच की प्रक्रिया के बीच ही मामले की गंभीरता को देखते हुए बीएसए जेएन सिंह ने खंड शिक्षा अधिकारी कटेहरी सुरेश कुमार को तत्काल स्पष्टीकरण नोटिस जारी कर दिया। उनसे पूरे मामले में विस्तृत जवाब उपलब्ध कराने को कहा गया है।
एसडीएम सदर विवेक मिश्र ने बताया कि बीआरसी में किताबें व उत्तर पुस्तिकाएं बड़ी तादाद में मिली हैं। इनकी संख्या कितनी है, इसकी गिनती कराई जा रही है। सभी रिकार्ड खंगाले जा रहे हैं, जिससे पूरी स्थिति सामने आ सके। इसके बाद जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी।