अंबेडकरनगर। कोतवाली क्षेत्र जलालपुर के बड़ागांव के निकट सोमवार सुबह यात्रियों से भरा ई रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे उसमें सवार बहन के घर जा रहे युवक की मौत हो गई, जबकि उस पर मौजूद चार अन्य बाल-बाल बच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना क्षेत्र जैतपुर के नेवादा कला गांव निवासी कुंदन (23) बैंड में काम करता था। वह रविवार को जलालपुर में आयोजित कार्यक्रम में बैंड-बाजा लेकर गया था। इससे पहले उसने अपनी बाइक सुरहुरपुर में रह रही अपनी बहन के घर खड़ी कर दी थी। रात में कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वह सोमवार सुबह ई रिक्शे से जलालपुर से सुरहुरपुर बाइक लेने जा रहा था। कोतवाली क्षेत्र जलालपुर के बड़ागांव के निकट सड़क पर अचानक मवेशी के आ जाने से ई रिक्शा अनियंत्रित हो गया। जब तक चालक उसे संभालता, तब तक वह कुछ दूर जाकर पलट गया। कुंदन चालक के बगल ही बैठा था। झटका लगने वह नीचे गिरा और उसका सिर बिजली के खंभे से टकरा गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया, जबकि ई रिक्शे पर बैठे चार अन्य लोग बाल-बाल बच गए। कुंदन को सीएचसी जलालपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इकलौता कमाने वाला था कुंदन, एक वर्ष पहले हुई थी शादी
कुंदन दो भाई थे। उसका दूसरा भाई मानसिक रूप से बीमार है। ऐसे में घर का खर्च कुंदन के जिम्मे ही था। एक वर्ष पहले ही उसका विवाह भी हुआ था। वह बैंड में मेहनत मजदूरी कर किसी प्रकार घर का खर्च चला रहा था। हादसे में कुंदन की मौत से परिजनों पर गमों का पहाड़ टूट पड़ा। माता-पिता जहां बार बार बेटे को याद कर रहे हैं, तो वहीं पत्नी बार-बार बेहोश हो रही थी।