कटेहरी। अहिरौली क्षेत्र में विद्युत विभाग की टीम के साथ मारपीट, गाली-गलौज और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
कटेहरी के अवर अभियंता अभिषेक गुप्ता के मुताबिक शुक्रवार शाम करीब 4:18 बजे वह अपनी टीम के साथ ग्राम मकरंदपुर में विभागीय कार्य के लिए पहुंचे थे। गांव में बिजली चोरी की जांच के दौरान नितेश यादव द्वारा अवैध रूप से बिजली का उपयोग किए जाने के संबंध में साक्ष्य जुटाए जा रहे थे। इसी दौरान नितेश यादव, राकेश और दुर्गा प्रसाद यादव ने टीम के साथ अभद्रता शुरू कर दी।
आरोप लगाया कि आरोपियों ने सहयोगी कर्मचारी सूरज गुप्ता के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। टीम में संविदा कर्मी सूरज गुप्ता और टीजी-2 लाइन स्टाफ सूर्यभान भी शामिल थे। थानाध्यक्ष दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। (संवाद)