बाजार में गश्त कर जायजा लेते पुलिसकर्मी।
अंबेडकरनगर। धनतेरस व दीपावली के त्योहार पर सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम रहेंगे। इस दौरान अमन चैन में खलल डालने वालों की धरपकड़ के लिए ड्रोन के साथ ही सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाएगी। साथ ही सभी संवेदनशील स्थानों पर पुलिस फोर्स भी मुस्तैद रहेगी। इस दौरान सिविल पुलिस के साथ ही खुफिया पुलिस टीम भी पूरी तरह मुस्तैद रहेगी।
दीपावली पर लक्ष्मी गणेश के पूजन के बाद होने वाले प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान भी थानावार स्तर पर सुरक्षा के खास इंतजाम रहेंगे। इस दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी होने पर संबंधित क्षेत्राधिकारी, थाना और चौकी प्रभारी की जिम्मेदारी तय की गई है। सुरक्षा की दृष्टि से निगरानी के लिए शहर को जोन व सेक्टरवार बांटा गया है। इस दौरान पटाखा व विस्फोटक पदार्थ की बिक्री निर्धारित स्थानों पर ही सुनिश्चित कराने के लिए भी पूरी सख्ती बरती जाएगी। एसपी डॉ.कौस्तुभ ने बताया कि दीपावली पर्व को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। इस दौरान पुलिस अधिकारी फोर्स के साथ बाजार में भ्रमणशील रहेंगे। संवेदनशील और अति संवेदनशील घोषित स्थान पर अतिरिक्त पुलिस फोर्स व पीएसी भी तैनात रहेगी।