अंबेडकरनगर। महाकुंभ समापन के 45 दिन बाद बसों का संचालन बहाल होने की उम्मीद थी, लेकिन चालक व परिचालकों के अवकाश पर होने से बसों का संचालन नहीं हो पा रहा है। मौजूदा समय में 20 चालक व परिचालक छुट्टी में हैं। इसकी वजह से कई यात्री बसों के इंतजार में भटकते रहे।
विज्ञापन
चालकों की संख्या कम होने से बसों के फेरे नहीं लग पा रहे हैं। कुछ ही बसों का संचालन हुआ। ग्राम चंदैनी के रहने वाले हनुमान ने बताया कि कानपुर जाना है, लेकिन कोई बस ही नहीं मिल रही है। श्रवण क्षेत्र निवासिनी प्रभा गुप्ता का कहना है कि लखनऊ शादी में जाना है। ट्रेन लेट रहती है तो सोचा बस से यात्रा करेंगे। यहां बस मिल ही नहीं रही है। एआरएम हरिओम श्रीवास्तव ने बताया कि लगातार ड्यूटी करने वाले चालक छुट्टी पर हैं। इसलिए बसों का संचालन कम हो रहा है। जल्द ही व्यवस्था को ठीक किया जाएगा।