टांडा (अंबेडकरनगर)। अलीगंज क्षेत्र में परिवहन निगम की बस व ऑटो रिक्शा में आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में ऑटो चालक की मौत हो गई। उसकी पत्नी व पुत्र घायल हो गए। हालत गंभीर होने पर किशोर को जिला अस्पताल से ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
यह हादसा जमालापुर गांव के निकट बृहस्पतिवार शाम करीब छह बजे हुआ। अकबरपुर से यात्रियों को लेकर टांडा जा रही परिवहन निगम बस सामने से आ रहे एक ऑटो से भिड़ गई। जोरदार टक्कर से ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आसपास के लोग दौड़ कर मौके पर पहुंचे और ऑटो में फंसे चालक, महिला व किशोर को बाहर निकाला। इस बीच चालक जाकिर (35) की मौत हो चुकी थी।
अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के कुर्की महमूदपुर निवासी जाकिर की पत्नी अकबरी बेगम (30) व पुत्र मोहम्मद सादिक (10) को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया गया। किशोर की स्थिति बेहद गंभीर देख चिकित्सक ने उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। बताया जाता है कि जाकिर परिवार के साथ अपनी ससुराल टांडा क्षेत्र के बेलवारी गया था। ससुराल में आयोजित कार्यक्रम के बाद वह पत्नी व पुत्र को लेकर घर लौट रहा था। जमालापुर के निकट एक ट्रक गिट्टी गिट्टी गिराने के लिए आगे पीछे हो रही थी। इसी दौरान ट्रक से बचाने के प्रयास में ऑटो अनियंत्रित होकर सामने से आ रही बस से भिड़ गया।