हैदरगढ़। क्षेत्र में एक दशक पहले पेयजल आपूर्ति योजना से स्थापित टंकियों से हर घर जल पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। करोड़ों की लागत से पीवीसी पाइप की अपेक्षा अधिक दबाव क्षमता की एचडीपीई पाइप बिछा कर वंचित घरों तक पाइप से कनेक्शन दिया जाए और जरूरत पड़ने पर नया बोर भी कराया जाएगा ताकि पंचायतों में पाइपलाइन से पेयजल की व्यवस्था को सुधारा जा सके।
ब्लॉक क्षेत्र त्रिवेदीगंज की ग्राम पंचायत पोखरा व लाही के गांव भडखोरिया वर्ष 2012 में पानी टंकी का निर्माण कराकर सभी मजारों में पाइप लाइन बिछाई गई थी। पोखरा के मर्दापुर, रघुनाथ गंज, बरवन नगर समेत कई गांव में बीते तीन साल से सप्लाई का पानी नही पहुंचा। लाही पंचायत के कई गांवों में लगी पानी की टोंटियां सूख रही हैं। इसके समाधान के लिए पोखरा में साढ़े चार करोड़ रुपये से आई बोरिंग कराकर पुरानी पीवीसी पाइप की जगह एचडीपीई (हाई डेंसिटी पाॅली इथलीन )पाइप बिछाई जाएगी। लाही पंचायत के सभी गांवों में एचडीपीई पाइप लाइन बिछेगी और इसमें चार करोड़ रुपए खर्च होंगे।
इसके अलावां चौबीसी, इस्लामपुर, सिधियावां, मोहम्मदपुर, असंद्रा में भी नई पाइप लाइन बिछाने के लिए प्रत्येक में दो से ढाई करोड़ खर्च की योजना है। रौली, नरौली, बरावां, अंसारी, गोतौना, थलवारा, शुकुलपुर, बुधनई, दतौली चंदा पंचायत में हर घर जल योजना से वंचित घरों में पाइप से कनेक्शन के लिए प्रत्येक में 70-80 लाख रुपए खर्च होंगे। जल निगम ग्रामीण विभाग से टाटा यूनिवर्सल को निर्माण की जिम्मेदारी दी गई है। अधिशासी अभियंता जल निगम अमित कुमार ने बताया पुरानी पीवीसी पाइप में अक्सर लीकेज होने से आपूर्ति की समस्या बनी थी। एचडीपीई पाइप में अधिक दबाव क्षमता होने से लीकेज नही होगा। सभी कार्यो की निविदा हो चुकी है और कार्यदाई संस्था से जल्दी कार्य शुरू कराया जाएगा।
बॉक्स-
निर्माण एजेंसी करेगी दस साल तक देखरेख
पहले बनी टंकियों के संचालन में दिक्कत थी। पंचायतों के पास अतिरिक्त बजट नही होने से लीकेज, पंप में खराबी सहित अन्य समस्याओं पर प्रतिनिधि हाथ खड़े कर देते थे और पानी सप्लाई ठप रहती थी। अब इसकी देखरेख दस साल तक कंपनी करेगी।