अंबेडकरनगर। आतंकी जलीस अंसारी उर्फ डॉक्टर बम का संपर्क टांडा के दो कारोबारियों से होने की खबर के बाद टांडा एक बार फिर से सुर्खियों में है। गौरतलब है कि 1993 सीरियल ब्लास्ट का आरोपी जलीस अंसारी जेल में सजा काट रहा था। पेरोल पर फरार होने के बाद यूपी एसटीएफ ने गत दिवस उसे गिरफ्तार कर लिया था। एटीएस की टीम बाद में उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर मुंबई चली गई। इसके बाद उसके मोबाइल नंबर की सीडीआर खंगाली गई तो खुलासा हुआ कि टांडा के दो व्यापारियों से भी उसके संबंध थे। उन दोनों से जलीस की कई बार बात हुई है। जांच में यह भी पता चला कि जलीस के पकड़े जाने के बाद से दोनों कारोबारियों के मोबाइल नंबर बंद हैं।
रविवार को यह खबर सामने आने के बाद से टांडा क्षेत्र में हड़कंप का माहौल देखने को मिला। दरअसल टांडा नगर व आसपास का क्षेत्र पहले ही कई तरह की आपराधिक व आतंकी गतिविधियों के दायरे व शक में शामिल रहा है। इसके चलते ही टांडा को पुलिस विभाग की संवेदनशील सूची में शामिल भी किया गया है। प्रत्येक महत्वपूर्ण मौकों पर टांडा में अतिरिक्त सतर्कता भी बरती जाती है। अब टांडा के दो व्यापारियों का जिक्र सामने आने पर रविवार को दिन भर यह उत्सुकता लोगों के बीच बनी रही कि आखिर वह दोनों कारोबारी कौन हैं।
इसे लेकर कयासों का दौर पूरे दिन चला। माना यह भी जा रहा कि जल्द ही एटीएस समेत खुफिया विभाग की कई महत्वपूर्ण टीमें यहां पहुंच सकती हैं। सीओ टांडा अमरबहादुर ने इस बारे में कहा कि किसी तरह की कोई जानकारी नहीं है। एएसपी अवनीश कुमार मिश्र ने कहा कि समाचार पत्रों से सूचना मिली थी, लेकिन किसी तरह की कोई आध़िकारिक जानकारी नहंी है।