अंबेडकरनगर। लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने व कोरोना वॉयरस के संक्रमण को रोकने को लेकर डीएम राकेश कुमार मिश्र व एसपी आलोक प्रियदर्शी ने रविवार को भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर पुलिस कर्मियों को जरूरी दिशा निर्देश दिया।
अधिकारियों ने अपनी मौजूदगी में आरोग्य सेतु एप तमाम नागरिकों की मोबाइल में डाउनलोड भी कराया। कहा कि बैरियर पार करने वालों को आरोग्य सेतु एप अनिवार्य रूप से अपलोड कराया जाए। जो भी लॉकडाउन का पालन न करे, उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।
देश में कोरोना वॉयरस के लगातार बढ़ते संक्रमण को देखते हुए इस पर अंकुश पाने के लिए पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी लगातार लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने के जरूरी दिशा निर्देश जारी करने के साथ साथ प्रतिदिन बैठक कर हालात की समीक्षा कर रहे हैं।
रविवार के अवकाश के बावजूद जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र व एसपी आलोक प्रियदर्शी ने जिला मुख्यालय के अलावा इर्दगिर्द के अन्य मार्गों पर लगे बैरियर पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। साथ ही वहां तैनात पुलिस कर्मियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। कहा कि सिर्फ पासधारकों या फिर अत्यंत जरूरी कार्य से निकलने वालों को ही बैरियर पार करने दिया जाए। यदि कोई लॉकडाउन का उल्लंघन करता मिले, तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।