अंबेडकरनगर। सम्मनपुर थाना क्षेत्र के मंगुराडिला निवासी ग्रामीण पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला बोल दिया। कुत्तों के हमले से ग्रामीण बुरी तरह घायल हो गया। चीख-पुकार पर परिजन पहुंचे और लाठी-डंडे लेकर कुत्तों को खदेड़ा। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सम्मनपुर थाना क्षेत्र के मंगुराडिला गांव निवासी साहबदीन (55) पुत्र स्व. वंशराज गुरुवार भोर में उठने के बाद घर के बाहर खड़े थे। अचानक पांच-छह कुत्तों के झुंड ने उन पर हमला बोल दिया। उन्होंने जान बचाकर भागने का प्रयास किया, लेकिन गिर पड़े। इसके बाद कुत्तों ने उन्हें पैर, हाथ व शरीर के अन्य हिस्सों में काट लिया। वह लहुलूहान हो गए। चीख पुकार सुनकर परिजन व अन्य दौड़े।
लाठी-डंडे लेकर कुत्तों को दौड़ाया। इसके बाद परिजन क्षेत्र पंचायत सदस्य राहुल चौधरी की मदद से लेकर उन्हें जिला अस्पताल पहुंचे और भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद भी साहबदीन की हालत गंभीर बनी हुई है। क्षेत्र पंचायत सदस्य राहुल ने प्रशासन से गांव में घूम रहे कुत्तों को पकड़वाने की मांग की है। कहा कि ग्राम पंचायत में इन दिनों कुत्तों का आतंक है। झुंड में मौजूद ये कुत्ते कई ग्रामीणों पर हमलावर हो चुके हैं।