अंबेडकरनगर। डॉक्टर्स डे के मौके पर जिला मुख्यालय पर नर्सिंगहोम एसोसिएशन के तत्वावधान में एक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें चिकित्सकों की जिम्मेदारी पर विशेष चर्चा करते हुए कहा गया कि डॉक्टरों ने कोरोना संकट के दौरान जिस प्रकार अपनी जान की परवाह न करते हुए मरीजों का इलाज किया वह अत्यंत सराहनीय है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सीएमओ डॉ. श्रीकांत शर्मा ने किया। उन्होंने इस बात पर दुख भी जताया कि कोरोना काल में मरीजों का इलाज करने के दौरान कई चिकित्सकों का आकस्मिक निधन भी हुआ। विशिष्ट अतिथि डॉ. अशोक कुमार ने चिकित्सकों की जिम्मेदारियों पर चर्चा करते हुए कहा कि अक्सर चिकित्सकों के समक्ष विभिन्न प्रकार की मुश्किलें खड़ी होती हैं। संगठन उनकी मुश्किलों को दूर करने में सदैव बढ़ चढ़कर काम करता है। इस दौरान कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. आरसी गुप्ता ने गीत सुनाकर सभी का मनमोहा। संचालन कर रहे डॉ. सै. हैदर मेंहदी ने सीएमओ को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित भी किया।