अंबेडकरनगर। जिला अस्पताल में शनिवार को उस समय हंगामा हो गया, जब एक चिकित्सक व वार्ड प्रभारी के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि चिकित्सक ने वार्ड एक के प्रभारी के तौर पर कार्यरत स्टाफ नर्स की पिटाई कर दी। इसमें वार्ड प्रभारी का चश्मा भी टूट गया। पीड़ित वार्ड प्रभारी ने मामले की शिकायत सीएमएस से की। उधर, चिकित्सक ने भी स्टाफ नर्स की मनमानी की शिकायत की है।
जिला अस्पताल में शनिवार को वार्ड नंबर एक के प्रभारी व स्टाफ नर्स बांके प्रसाद अपने कक्ष में बैठे थे। इसी बीच दो युवक वहां आए और उनसे अस्पताल में कार्यरत एक चिकित्सक डॉ. प्रदीप का नाम लेते हुए कहा कि उन्होंने राउंड के लिए बुलाया हैे। वार्ड प्रभारी ने उनके साथ जाने से मना करते हुए कहा कि आप लोग अस्पताल के कर्मचारी नहीं हैं। ऐसे में उन्हें बुलाने का कोई अधिकार नहीं है। दोनों युवकों ने संबंधित चिकित्सक से जाकर बांके की शिकायत कर दी। आरोप है कि इस पर चिकित्सक डॉ. प्रदीप नाराज हो गए और वार्ड में पहुंचकर वार्ड प्रभारी से अभद्रता करने लगे।
बांके के अनुसार जब उसने इसका विरोध किया, तो संबंधित चिकित्सक ने उनकी पिटाई कर दी। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। कर्मचारियों व वार्ड में मौजूद तीमारदारों ने मौके पर पहुंचकर शांत कराया। पिटाई में वार्ड प्रभारी का चश्मा भी टूट गया। वार्ड प्रभारी ने सीएमएस को मामले की जानकारी दी और शिकायती पत्र सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की। उधर संबंधित चिकित्सक ने भी सीएमएस से मुलाकात कर स्टाफ नर्स पर मनमानी करने का आरोप लगाया। कहा कि स्टाफ नर्स द्वारा लगातार मनमानी बरती जा रही है। जब उनसे कुछ कहा जाता है, तो वह अभद्रता करने पर उतारू रहता है। इस बीच प्रभारी सीएमएस डॉ. पीएन यादव ने बताया कि दोनों तरफ से शिकायत मिली है। मामले में जांच कराई जाएगी। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।