शहर के जेएसआर मैदान में रविवार को सड़क सुरक्षा सद्भावना कप के तहत आयोजित मुकाबले के दौरान बल्ले
अंबेडकरनगर। शहर के जेएसआर मैदान में रविवार को सड़क सुरक्षा सद्भावना कप में डॉक्टर्स-11 ने बेसिक टीचर्स-11 को 21 रन से शिकस्त दी। आराध्या श्री फाउंडेशन की ओर से आयोजित मुकाबले में टॉस जीतकर डॉक्टर्स इलेवन के कप्तान डॉ. जीडी वर्मा ने पहले बल्लेबाजी चुनी। टीम ने 16 ओवर में नौ विकेट पर 116 रन बनाए।
डॉ. अभिनीत ने 26, डॉ. अनीश और अभिषेक ने 15-15 व आमोद ने 10 रन बनाए। बेसिक टीचर्स-11 के कमलेश और शुभम ने तीन-तीन जबकि भारत ने दो विकेट लिए। 117 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बेसिक टीचर्स-11 ने सात ओवर में एक विकेट पर 55 रन बना लिए थे। इसके बाद आमोद ने एक ओवर में दो विकेट लेकर दबाव बनाया। अनीश ने मध्यक्रम को टिकने नहीं दिया और 3.3 ओवर में नौ रन देकर चार विकेट झटके।
आमोद को दो विकेट मिले। दिव्यांश ने 27 और शुभम ने 26 रन बनाए लेकिन टीम 15.3 ओवर में 95 रन पर सिमट गई। आमोद को प्लेयर ऑफ द मैच, अभिनीत यादव को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, अनीश को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज और दिव्यांश को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक चुना गया। मुख्य अतिथि मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. जेके वर्मा ने कहा कि जीत-हार खेल का हिस्सा है और ऐसे आयोजन सड़क सुरक्षा व यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं। अजय श्रीवास्तव और डॉ. एसएम बाकिर ने अंपायर व कमेंटेटर जबकि विक्रम सिंह और मुकेश ने स्कोरर की भूमिका निभाई। इस दौरान विवेक मणि सिंह, डॉ. प्रवेश वर्मा, डॉ. साजन देव, डॉ. विमल, डॉ. सौरभ, अभिषेक, नवीन, चंद्रपाल, चुनमुन, शुभम, अमित, धनजीत, राधे व अन्य उपस्थित रहे।