अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर के मीरानपुर मोहल्ले में मंगलवार को डीएम राकेश कुमार मिश्र व एसपी आलोक प्रियदर्शी की अध्यक्षता में धर्मगुरू व गणमान्य लोगों की बैठक आयोजित की गई। बैठक के जरिए जिले में शांति व्यवस्था व आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। सभी से अपने क्षेत्रों में लोगों को नागरिकता कानून व एनआरसी के बारे में विस्तार से जानकारी देने का भी आह्वान किया गया।
डीएम राकेश कुमार मिश्र ने कहा कि जिले को गंगा जमुनी तहजीब के लिए जाना जाता है। ऐसे में आपसी सौहार्द बनाए रखना जरूरी है। ऐसा कोई कार्य न करें जिससे भाईचारा कमजोर हो। उन्होंने सभी से अपने-अपने क्षेत्र में जाकर लोगों को नागरिकता कानून व एनआरसी के बारे में विस्तार से जानकारी देने की अपील की। कहा कि जागरूकता के आधार पर ही जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखी जा सकती है। एसपी आलोक प्रियदर्शी ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। यदि कहीं कोई किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करता दिखे तो इसकी जानकारी तत्काल जिम्मेदार अधिकारियों को दें। एसपी ने कहा कि सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखी जा रही है।
सौहार्द बिगाड़ने वाले मैसेज न भेजें और न ही उन्हें फॉरवर्ड करें। यदि किसी ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की तो उससे सख्ती से निपटा जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि कहीं कोई भी संदिग्ध नजर आए, तो इसकी जानकारी तत्काल जिम्मेदार अधिकारियों को दें। जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आम लोगों का सहयोग जरूरी है। इस दौरान शहर इमाम हाफिज शकील अख्तर, आरिफ अनवर, मोहम्मद अकमल उर्फ जुगनू, अली अस्करी नकवी आदि लोग मौजूद रहे।