अंबेडकरनगर। जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र ने गुरुवार को परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने मिड-डे मील, सफाई व अन्य बिंदुओं की गहनता से छानबीन की। लाला मोहम्मदपुर प्राथमिक विद्यालय में बाउंड्रीवाल टूटी मिली और सफाई का अभाव दिखा। शिक्षा व्यवस्था ठीक न मिलने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। साथ ही सभी व्यवस्थाओं को अविलंब दुरुस्त कराने का निर्देश भी दिया। कहा कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता व अन्य बिंदुओं का जायजा लेने के उद्देश्य से गुरुवार को डीएम राकेश कुमार मिश्र ने प्राथमिक विद्यालयों का निरीक्षण किया। वे सबसे पहले लाला मोहम्मदपुर प्राथमिक विद्यालय पहुंचे। निरीक्षण के दौरान यहां विद्यालय की बाउंड्रीवाल क्षतिग्रस्त पाई गई। साथ ही मूलभूत सुविधाओं की कमी भी देखने को मिली। न तो बच्चों के हाथ धोने के लिए साबुन उपलब्ध था और न ही कोई अन्य सुविधा। इस पर नाराजगी जताई। डीएम ने मिड-डे मील व्यवस्था को भी परखा। यहां बच्चों के लिए सब्जी रोटी बनी मिली। इसके अलावा विद्यालय प्रांगण में साफ सफाई का अभाव दिखा।
पंजीकृत कुल 75 छात्र-छात्राओं में से नौ बच्चे मौके पर उपस्थित पाए गए। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में तीन अध्यापक, दो शिक्षामित्र व दो रसोइयां उपस्थित मिले। प्रधानाध्यापक अनुपस्थित पाए गए। पूछे जाने पर अध्यापकों ने बताया कि वे किसी कार्य से प्रधान के यहां गए हुए हैं। अध्यापक उपस्थिति रजिस्टर का भी अवलोकन किया। व्यवस्था ठीक न पाए जाने पर डीएम ने फटकार लगाते हुए व्यवस्थाओं को अविलंब दुरुस्त कराने का निर्देश दिया। डीएम ने प्राथमिक विद्यालय गौसपुर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यहां साफ सफाई की गुणवत्ता बेहतर मिली। पंजीकृत 81 बच्चों में से 42 छात्र-छात्राएं मौके पर उपस्थित मिले। यहां अब तक 52 बच्चों को स्वेटर वितरित किया जा चुका है। मिड-डे मील में छात्र-छात्राओं के लिए दाल व रोटी बना मिला।
मौके पर तीन अध्यापक, एक शिक्षामित्र तथा दो रसोइयां उपस्थित मिले। डीएम ने साबुन से छात्र-छात्राओं का हाथ धुलवाया और आगे भी खान खाने से पहले हाथ धोने की सलाह दी। उन्होंने शिक्षकों को निर्देशित किया कि पठन-पाठन कार्य में पूरी पारदर्शिता बरती जाए। साथ ही मिड-डे मील परोसने से पहले बच्चों का हाथ अच्छी तरह से धुलवाया जाए। मिड-डे मील मेन्यू तथा मानक के अनुरूप हो। यदि गुणवत्ता में कोई कोताही बरती गई तो कार्रवाई तय की जाएगी। डीएम ने छात्र-छात्राओं से पुस्तक, स्वेटर एवं अन्य सामग्रियों के बारे में जानकारी भी प्राप्त की। चेतावनी दी कि यदि किसी भी विद्यालय में स्वेटर वितरण न होने की शिकायत मिली तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।