अंबेडकरनगर के कटेहरी में दीप पर्व के मौके पर नार जलाते बच्चे।
- फोटो : अमर उजाला
बुराई पर अच्छाई की जीत के रूप में मनाया जाने वाला पर्व दीपावली रविवार को समूचे जिले में उल्लास के साथ मना। जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक के घर-प्रतिष्ठान रंग-बिरंगी झालरों से जगमगा उठे। अंधकार पर प्रकाश की विजय होने की खुशी में लोगों ने जमकर आतिशबाजी की। बच्चे फुलझड़ी व अनार दागते दिखाई दिए तो युवा तेज आवाज वाले पटाखे व राकेट छोड़ते।
चारों तरफ उल्लास ही उल्लास रहा। लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर न सिर्फ पर्व की बधाई दी बल्कि मुंह भी मीठा कराया। पर्व की खुशियों में किसी प्रकार की बाधा न उत्पन्न हो, इसके पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के सख्त इंतजाम कर रखे थे। धार्मिक स्थलों से लेकर सार्वजनिक स्थानों पर वर्दी व बिना वर्दी के पुलिसकर्मियों की तैनाती रही।
प्रकाश पर्व की खुशियां वैसे तो शनिवार को ही जिले के विभिन्न क्षेत्रों में दिखीं लेकिन रविवार को पर्व का उल्लास चरम पर रहा। चारों तरफ खुशियां ही खुशियां छाई रहीं। दुनिया भर की भागदौड़ व तरह-तरह की समस्याओं को दरकिनार कर लोग पर्व की खुशियों में डूबे रहे। रविवार सुबह से ही पर्व का उल्लास बिखेरने को लेकर लोगों ने तैयारियां तेज कर दी थीं।
समय बीता तो विशेष पूजन-अर्चन का सिलसिला शुरू हो गया। मां लक्ष्मी व भगवान गणेश की पूजा-अर्चना में कोई कमी न रह जाए, इसके लिए घरों व दुकानों के सामने रंग-बिरंगी व आकर्षक रंगोली बनाई गई थीं। अंधेरा होते ही समूचा जनपद रंग-बिरंगी झालरों व दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। अंधेरे पर रोशनी की विजय होने के साथ ही लोगों ने खुशी में आतिशबाजी शुरू कर दी, जो देर रात तक जारी रही।
जिला मुख्यालय के अलावा जलालपुर, आलापुर, टांडा व भीटी तहसील क्षेत्रों में भी प्रकाश पर्व की खुशियां लोगों ने जमकर बांटी। आपसी भाईचारे की डोर को मजबूती प्रदान करने के लिए लोग एक-दूसरे के घर पहुंचे और पर्व की बधाई देने के साथ ही मुंह भी मीठा कराया।
देर रात तक चली आतिशबाजी के दौरान बच्चों ने अभिभावकों की मौजूदगी में फुलझड़ी व अनार दागे तो युवाओं ने तेज आवाज वाली चटाई के साथ राकेट भी दागे। तमाम ऐसे भी राकेट दागे गए जिन्होंने आसमान में न सिर्फ तिरंगा बनाया बल्कि कुछ ने हैप्पी दीवाली भी लिखी। इसका लोगों ने जमकर लुत्फ उठाया।