अंबेडकरनगर। कार्तिक पूर्णिमा स्नान को लेकर अयोध्या की तरफ जाने वाले वाहनों का रूट डायवर्जन शुक्रवार आधी रात से समाप्त हो गया। साथ ही जिले से अयोध्या गईं 20 बसों के वापस आने से लखनऊ, कानपुर व आजमगढ़ के यात्रियों का आवागमन अब सुचारू होगा।
चौदह कोसी परिक्रमा को लेकर अयोध्या जाने वाले मार्ग पर डायवर्जन किया गया था। वाहनों को पूर्वांचल एक्सप्रेस वे से भेजा जा रहा था। यातायात प्रभारी जयबहादुर यादव ने बताया कि आजमगढ़ व बस्ती से आने वाले वाहनों को बाईपास मार्ग से एक्सप्रेस वे के माध्यम से अब तक लखनऊ भेजा गया। वहीं जौनपुर व शाहगंज के वाहन जो अयोध्या होकर लखनऊ जाना चाह रहे थे उन्हें भी पूर्वाचल मार्ग से भेजा गया। बताया कि अब डायवर्जन की व्यवस्था समाप्त की जा रही है। इससे शनिवार से सभी वाहन एक बार फिर से अयोध्या से होकर आगे बढ़ सकेंगे।
वहीं, अयोध्या गईं परिवहन निगम की 20 बसों का भी शनिवार दोपहर के वापस आने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। एआरएम कुंवर हरिओम श्रीवास्तव ने बताया कि बसों के वापस आने से लखनऊ, आजमगढ व कानपुर के लिए संचालन पूर्व की तरह चालू कर दिया जाएगा। साथ ही जो बसें अयोध्या होकर जाती थीं उन्हें भी उसी मार्ग से संचालित किया जाएगा।
आम लोगों को मिलेगा लाभ
बीते दिनो बसों के अयोध्या जाने व रूट के डायवर्जन के चलते मया, पूरा दर्शननगर व गोसाईगंज जाने वाले लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती थी। अयोध्या में नौकरी करने वाले कर्मचारी अखिलेश ने बताया कि परिक्रमा व स्नान के चलते कई दिनों से अयोध्या आने और जाने में काफी परेशानी हो रही थी। शनिवार से व्यवस्था सामान्य होने से आम लोगों को इसका लाभ मिलेगा।