अंबेडकरनगर। जिला अस्पताल की बिजली आपूर्ति व्यवस्था शुक्रवार को भी दुरुस्त नहीं हो सकी। पूरे दिन बिजली की आवाजाही बनी रही। आपूर्ति शुरू होने पर लोवोल्टज के चलते एक्सरे, सीटी स्कैन जैसी जांचें प्रभावित हुईं। इससे जांच कराने के लिए पहुंचे लोगों को भटकना पड़ा। उधर वार्डाें में भर्ती मरीजों को परेशानी हुई।
जिला अस्पताल के लिए बनाए गए विशेष फीडर के केबल मेंफाल्ट आने से बुधवार को आपूर्ति ठप हो गई थी। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत वीआईपी फीडर से आपूर्ति शुरू कराई गई। इस दौरान हाईवोल्टेज की आपूर्ति के चलते बृहस्पतिवार को अस्पताल के कई चिकित्सा उपकरण फुंक गए जिन्हें दुरुस्त किया जा रहा है।
अस्पताल की बिजली आपूर्ति शुक्रवार को भी सामान्य नहीं हो सकी। दिन में कई बार बिजली कटने से जांचें प्रभावित रहीं। हालांकि जनरेटर चलाकर कुछ हद तक समस्या का समाधान किया गया लेकिन इस काम में लगने वाले समय का असर जांचों पर पड़ा। बिजली की आवाजाही के चलते एक्सरे व सीटी स्कैन जैसी जांचें प्रभावित हुईं। इससे मरीजों को लंबा इंतजार करना पड़ा। इस बीच उपकेंद्र के कर्मचारी दिनभर गड़बड़ी खोजने और उसे दुरुस्त करने में जुटे रहे।
इनसेट
शाम को सामान्य हो सकी बिजली आपूर्ति
अस्पताल को बिजली सप्लाई करने वाली केबल में उपकेंद्र की टीम को इंजीनियरिंग कॉलेज के पास फॉल्ट मिली। इसके बाद उसे दुरुस्त करने का काम शुरू हुआ। शाम को अवर अभियंता सतीश ने बताया कि फॉल्ट को दुरुस्त कर जिला अस्पताल की आपूर्ति को सुचारू कर दिया गया है।