फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ambedkar Nagar News: कोहरे के आगोश में जिला, सड़क और रेल यातायात प्रभावित

विज्ञापन
जलालपुर में रविवार सुबह आवागमन करते वाहन सवार लोग।संवाद
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। जिले में रविवार की सुबह घने कोहरे के साथ हुई। जलालपुर में सुबह करीब नौ बजे तक धुंध छाई रही, जबकि अकबरपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह सात बजे तक कोहरे का असर बना रहा। कम दृश्यता के कारण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही। चालकों को सावधानी से सफर करना पड़ा। जरूरी काम से घरों से निकले लोगों को भी आवागमन में परेशानी हुई। सड़कों पर वाहनों की आवाजाही कम रही। कई लोगों ने मौसम साफ होने के बाद ही यात्रा शुरू की।
विज्ञापन

ठंड और कोहरे का असर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों पर भी पड़ा। हालांकि, धुंध छंटने और धूप निकलने के बाद लोगों ने राहत महसूस की। कोहरे ने खेती-किसानी की गतिविधियों को भी प्रभावित किया। जलालपुर के करीमनगर निवासी शेखर यादव ने बताया कि खराब मौसम के कारण आलू की बोआई प्रभावित हुई। मजदूरों के खेत पर नहीं पहुंचने से परिवार के सदस्यों को खुद ही बोआई करनी पड़ी। वहीं, सूरज प्रजापति ने बताया कि वह रोजाना सुबह दूध पहुंचाने जाते हैं, लेकिन रविवार को कोहरे के कारण उन्हें देर हो गई। रास्ते में कम दृश्यता के चलते काफी सावधानी बरतनी पड़ी। रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
घंटों देरी से पहुंचीं प्रमुख ट्रेनें
घने कोहरे का असर रेलवे संचालन पर भी देखने को मिला। रविवार को अकबरपुर रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनें घंटों विलंब से पहुंचीं। इससे यात्रियों को स्टेशन पर लंबा इंतजार करना पड़ा और उनकी यात्रा की योजना प्रभावित हुई। स्टेशन पर जम्मू तवी एक्सप्रेस एक घंटा नौ मिनट, गंगा सतलज एक्सप्रेस दो घंटे, दरभंगा-साबरमती एक्सप्रेस दो घंटे, मरुधर एक्सप्रेस दो घंटे चार मिनट और सरयू यमुना एक्सप्रेस एक घंटा 23 मिनट देरी से पहुंची। वहीं, दून एक्सप्रेस तीन घंटे विलंब से आई। अन्य प्रमुख ट्रेनें भी देरी से पहुंचीं। शाहजहांपुर जाने के लिए निकले टांडा निवासी मेराज अहमद और समस्तीपुर जाने वाले कटेहरी निवासी मोहन अग्रवाल ने बताया कि ट्रेनों के विलंब से उनकी यात्रा की योजना बिगड़ गई। स्टेशन पर काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि कोहरे के कारण ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो रहा है। ट्रेनों के देरी से पहुंचने के चलते यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें